
High Court Issues Notice to Shivraj Singh Chouhan son Kartikey Singh (फोटो- Patrika.com)
MP News: मध्य प्रदेश की राजनीति को लेकर एमपी हाईकोर्ट से शुक्रवार शाम बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान (Kartikey Singh Chouhan) को एमपी हाईकोर्ट ने नोटिस भेजा है। कोर्ट ने जवाब पेश करने के लिए कार्तिकेय को 2 हफ्ते का वक्त दिया है।
यह मामला लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर मानहानि (Rahul Gandhi Defamation Case) के मामले से जुड़ा हुआ है। साल 2018 में कार्तिकेय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर मानहानि का केस किया था। कुछ दिन पहले इसी मामले में राहुल गांधी द्वारा एमपी-एमएलए कोर्ट के समन पर एमपी हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी जिसपर शुक्रवार को सुनवाई हुई। न्यायाधीश प्रमोद कुमार अग्रवाल की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई की।
एमपी हाईकोर्ट ने मामले से जुड़े जो भी रिकार्ड एमपी-एमएलए कोर्ट भोपाल के पास थे उन्हें अपने पास मंगवाया है। इसमें केस की मौजूदा स्थिति जानने के लिए सभी आर्डर कापी भी मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 4 मई को रखा गया है।
साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान झाबुआ में चुनाव प्रचार करने आए राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम पनामा पेपर्स मामले में जोड़ दिया था। इसके बाद राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान के संदर्भ में अपने बयान का खंडन किया था लेकिन कार्तिकेय सिंह चौहान को लेकर कोई स्पष्ट खंडन नहीं किया था। इसी बात को लेकर कार्तिकेय सिंह चौहान ने भोपाल के एमपी एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दायर कर आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान ने उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया है। इस केस की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट के जस्टिस तथागत याज्ञनिक कर रहे हैं। अब राहुल गांधी की याचिका के बाद हाईकोर्ट में भी सुनवाई शुरू हो गई है।
Updated on:
10 Apr 2026 09:40 pm
Published on:
10 Apr 2026 09:40 pm
