
sarabjit singh mokha arrested
जबलपुर। नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन खपाने में मामले एफआईआर होने के बाद फरार होने का नाटक और फिर कोरोना पॉजिटिव समेत अन्य बहानों के साथ गिरफ्तारी से बचने वाले सरबजीत सिंह मोखा को आखिरकार मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर ही लिया है। उसे पुलिस कस्टडी में अस्पताल से ले जाया गया है। पहले मोखा ने कोरोना पॉजिटिव होने की बात कही थी, सूत्रों की मानें तो सरकारी जांच में वह निगेटिव पाया गया है। जिसके बाद उसे ले जाया गया है। जानकारों का कहना है कि मोखा पर एनएसए लग सकता है।
इसके पहले सोमवार को रेलवे पुल क्रमांक दो के पास स्थित सिटी अस्पताल का संचालक सरबजीत सिंह मोखा गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया। रविवार रात पुलिस ने उसके सिविल लाइंस स्थित घर और सिटी अस्पताल में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। नकली रेमडेसिविर मामले में एफआइआर होने के बाद विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल ने मोखा से नर्मदा जिले के नगर अध्यक्ष का पद भी छीन लिया। जबकि, सिटी अस्पताल के दवा इंचार्ज देवेश चौरसिया को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने सरबजीत सिंह मोखा समेत देवेश और सपन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास के अलावा धोखाधड़ी और आपराधिक षडय़ंत्र की भी धाराएं शामिल की हैं। मोखा ने भगवती फार्मा के संचालक सपन जैन के माध्यम से गुजरात में बने नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन जबलपुर बुलाए थे। इसका उपयोग उसने अस्पताल में किया।
नकली बिल देखा, फिर भी लगवाए इंजेक्शन
पुलिस को जांच में पता चला कि नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन के साथ जो बिल था, वह फर्जी था। इसकी जानकारी देवेश ने मोखा को दी थी। लेकिन, मोखा ने बिल देखने के बाद भी मरीजों को उक्त इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए।
घर और अस्पताल में छापा
रविवार देर रात मामला दर्ज करने के बाद लगभग पांच थाना प्रभारी, उनकी टीम और वज्र व जेल वाहन मोखा के सिविल लाइंस स्थित घर और अस्पताल पहुंचा। मोखा की तलाश की गई, लेकिन परिजन ने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया। टीम अस्पताल पहुंची, तो वहां भी उसका पता नहीं चला। सिटी अस्पताल के इस काले कारनामे का खुलासा होने के बाद अस्पताल प्रबंधन और उसके कर्मचारी नकली रेमडेसिविर मामले से जुड़े दस्तावेजों का भी खुर्दबुर्द कर रहे हैं।
Updated on:
11 May 2021 01:33 pm
Published on:
11 May 2021 01:22 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
