
mall visit rules
जबलपुर .बाजार खुलने के बाद अब मॉल और होटल्स, रेस्टारेंट सहित दूसरे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आठ जून से इन जगहों पर कारोबार की अनुमति मिल सकती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए उनकी तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के कारोबारियों ने नया स्टॉक किया है। इसी प्रकार रेस्टारेंट में भी ग्राहकों के हिसाब से संचालक पूरी योजना बनाने में जुटे हैं। अभी रेस्टारेंट से खाने की सामग्री होम डिलेवरी से बेचने की अनुमति है। लेकि न नए नियमों में ग्राहक वहां बैठकर भोजन कर सकेंगे।
अनलॉक-1 के तहत शापिंग मॉल, रेस्टारेंट, होटल्स और धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति मिलनी है। इसके लिए सरकार ने मानक प्रचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी कर दी है। अब जिला प्रशासन उसी हिसाब से इन गतिविधियों को खोलने की अनुमति प्रदान करेगा। जिले में दो बड़े शॉपिंग मॉल हैं। उनमें 150 से ज्यादा शॉप और छोटे बड़े स्टोर हैं। दूसरी तरफ होटल और रेस्टारेंट की बात करें तो उनकी संख्या 190 से ज्यादा हैं। इन व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने के लिए संचालक एवं जिला प्रशासन समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं।
लॉकडाउन में करोड़ों का नुकसान
कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण मॉल और रेस्टारेंट तथा होटल संचालकों को करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। इसकी भरपाई के लिए उन्होंने तैयारियां की हैं। होटल में ठहरने और रेस्टारेंट में खाने के लिए तमाम नियमों का पालन करने के लिए संचालक स्टाफ को प्रशिक्षित करने में जुट गए हैं। लोगों को रेस्टारेंट में लंच, डिनर करना सुरक्षित लगे इसके लिए एफएसएसआई और भारत सरकार के गृह मंत्रालय के हिसाब से मानक तय किए जा रहे हैं। ग्राहक और स्टाफ को सेनिटाइज करना। खाने में हाइजीन का ध्यान रखने का काम किया जाएगा। इसी प्रकार संचालक एवं प्रशासन मिलकर ग्राहकों में कोविड-19 से पहले जैसा विश्वास जगाने के लिए जागरुकता अभियान भी चलाने की तैयारी में हैं।
फिर होगी स्टोर में पहले जैसी चमक
मॉल में स्टोर में चमक-दमक पहले जैसी रहेगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने नया स्टॉक मंगाया है ताकि ग्राहक को उसकी जरूरत एवं पसंद की चीजें मिल सकें। इसी प्रकार सुरक्षा का इंतजाम भी किया जा रहा है। शॉपिंग मॉल में शुरूआत में जितने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके, उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। यही स्थिति स्टोर के लिए भी होगी। प्रवेश द्वार पर ग्राहकों की स्क्रीनिंग और सेनिटाइज करने के इंतजाम किए जा रहे हैं।
कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए मॉल में ग्राहक और स्टाफ की सुरक्षा के लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। एंट्री प्वाइंट पर ग्राहकों की स्क्रीनिंग होगी। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। स्टोर संचालकों को भी इसी प्रकार की हिदायत दी गई है। उन्होंने ग्राहकों की मांग के हिसाब से स्टॉकिंग भी तेज कर दी है।
मनोज कुमार, महाप्रबंधक, समदडिय़ा मॉल
होटल और रेस्टारेंट को खोलने की तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्राहक ों को इन जगहों पर ठहरना एवं भोजन करना पहले जैसा लगे इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टॉफ की स्क्रीनिंग से लेकर भोजन परोसने की प्रक्रिया ज्यादा सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस इंडस्ट्री के लिए प्रशासन के साथ मिलकर इसकी योजना भी बना रहे हैं।
मनजीत सिंह छाबड़ा, प्रवक्ता, जबलपुर होटल एंड रेस्टारेंट वेलफेयर एसोसिएशन
Published on:
5 Jun 2020, 10:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.