मप्र में शीतलहर का प्रकोप, खजुराहो में 2 और जबलपुर में 6.6 डिग्री
जबलपुर। प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड जारी है। गुरुवार को कई शहरों में शीतलहर का प्रकोप रहा। खजुराहो में तापमान 02 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबलपुर में ये 6.6 डिग्री रहा। 09 जिलों में तापमान 05 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इधर, चंदेरी थानांर्गत ग्राम सतपईया में खेत पर रात में सर्दी लगने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
सीजन में सबसे सर्द दिन रहा गुरुवार
6.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान
कड़ाके की ठंड से छूटी कंपकंपी
सीजन में गुरुवार सबसे सर्द दिन के रूप में दर्ज किया गया। सुबह कड़ाके की ठंड के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी हुई। कोहरा छाने के कारण सडक़ पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। शाम होते ही कोहरा के साथ सर्दी बढ़ गई। रात 9 बजे ही चौक-चौराहों पर सन्नाटे जैसी स्थिति हो गई। लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव किया। घरों में रूम हीटर सर्दी से बचने का सहारा बना। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आसमान साफ होने के कारण सुबह 8 बजे सूरज की किरणों से सर्दी का असर कम हुआ। सुबह की आद्र्रता 68 एवं शाम की आद्र्रता 43 प्रतिशत रही। उत्तरी हवा की औसत रफ्तार 4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि शुष्क मौसम में उत्तरी हवाओं के असर से सर्दी बढ़ेगी। पारे में और गिरावट आते ही शीतलहर शुरू हो सकती है। सर्दी का असर तेज होते ही लोग बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर लोग राहत महसूस कर रहे हैं। देर रात तक गुलजार रहने वाले चौक चौराहों पर दुकानों में ग्राहक कम आ रहे हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक डीके घाटे के अनुसार एक-दो दिन में सर्दी और असरदार होगी।