
भाजपा के मंत्री संजय पाठक
कटनी। नोटबंदी में हो रहे कार्यक्रमों के बीच भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम को लेकर राज्यमंत्री संजय पाठक एक बार फिर चर्चा में है। कटनी जिले के प्रमुख नेता व राज्य सरकार में सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग मंत्री संजय पाठक का स्टेशन चौराहे पर नोटबंदी से जुड़े विषय पर लगे होर्डिंग में फोटो ही नहीं है। इस होर्डिंग्स में पीएम मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से लेकर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सहित जिले के भाजपा अध्यक्ष पीतांबर टोपनानी विधायक संदीप जायसवाल महापौर शशांक श्रीवास्तव व नगरअध्यक्ष रामरतन पायल तो दिख रहे हैं,लेकिन मंत्री संजय पाठक का फोटो होर्डिंग्स से नदारद है। इसके पहले भी एक बार मंत्री पाठक को पुराने भाजपाइयों ने पोस्टर से हटा दिया था।
नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर शहर में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग कार्यक्रम किए। कांग्रेस ने नोटबंदी को गलत फैसला बताते हुए विरोध स्वरुप आसमन में काले गुब्बारे छोड़े। स्टेशन चौराहो ंपर प्रदर्शन किया। ढीमरखेड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध स्वरुप मुख्य मार्ग पर बैठे। नोटबंदी के दिन को काले दिवस के रूप में मनाया।
-------------------------------------
अफसरशाही पर विपक्ष के साथ सत्तापक्ष का भी हमला, हैरिटेज सिटी का प्रस्ताव वापस लिया, नगर निगम में साधारण सभा की बैठक में निर्णय
जबलपुर . नगर निगम सदन की साधारण सभा में बुधवार को भी सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अफसरशाही पर हमला बोला। राजपत्र की प्रति, प्रदेश व केन्द्र सरकार के आदेश, विधानसभा के मिनिट्स लेकर पहुंचे विधायक तरुण भनोत ने अधिकारियों पर तीखे हमले किए। जबलपुर को हैरिटेज सिटी बनाने के प्रस्ताव की खामियां गिनाते हुए नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, विनय सक्सेना, केवल कृष्ण आहूजा, संजय राठौड़, ताहिर अली इसमें शहर के छोड़े गए प्रमुख स्थलों को शामिल करने या प्रस्ताव वापस करने की मांग पर अड़ गए। कल्चरल स्ट्रीट बनाने के बाद अब सदन की मंजूरी लिए जाने पर भी सवाल उठाया। इस पर महापौर स्वाति गोडबोले नए सिर से प्रस्ताव तैयार करने को तैयार हो गईं। आगामी ३० नवंबर तक स्थगित बैठक में प्रस्ताव को नए सिरे से लाया जाएगा। इसी दिन धारा ३० की स्थगित विशेष बैठक करने का निर्णय किया गया।
-------------------
जबलपुर जोन के नए आईजी ने ग्रहण किया पदभार, बोले अपराध व अपराधियों पर शिकंजा है प्राथमिकता
जबलपुर . जबलपुर जोन के नए आईजी अनंत कुमार सिंह ने बुधवार पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा अपराध को पूरी तरह समाप्त करना और अपराधियों को नेस्तनाबूत करना प्राथमिकता में शामिल होगा। स्ट्रीट क्राइम पर पैनी नजर रखी जाएगी। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। समाज के कमजोर वर्गों के प्रति बढ़ रहे अपराधों की रोकथाम के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उनकी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होगी।
-------------------
नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर बोले सांसद- नोटबंदी से कांग्रेस के हित हो रहे प्रभावित, इसलिए कर रही विरोध
जबलपुर- नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर सांसद राकेश सिंह ने सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता बुलाई। उन्होंने बताया कि नोटबंदी ने टेरर फं डिग पर सीधे चोट की है। हवाला कारोबार की कमर टूट गई है। पर्चियों के जरिए कहीं हवाला कारोबार जारी है भी, तो पकड़ा जा रहा है। इससे कांग्रेस पार्टी के हित सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। इसलिए वह नोटबंदी का विरोध कर रही है। सांसद सिंह ने विदेशों से काले धन को वापस लाने के सवाल पर कहा, उसे भी वापस लाना जरूरी है। देश में जमा कालेधन को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता था। इस दौरान राज्यमंत्री शरद जैन, महापौर स्वाति गोडबोले, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर भी मौजूद रहे।
------------------------
भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस, नोटबंदी के गिनाए फायदे
जबलपुर. नोटबंदी के एक साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में शंखनाद रैली के साथ मशाल जुलूस निकाला। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बल्देवबाग से कोतवाली तक मशाल जुलूस निकाला गया। कोतवाली में सभा हुई। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में महानद्दा से छोटी लाइन फाटक तक तथा केंट विधानसभा में गणेश चौक सदर से भारत माता चौक पेंटी नाका तक मशाल जुलूस निकाल कर सभा की।
--------------------
Updated on:
11 Nov 2017 02:09 pm
Published on:
09 Nov 2017 03:49 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
