21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

#MoharramParv गश्त पर ताजिये व सवारियां, सड़कों पर उमडे़ लोग- देखें वीडियो

#MoharramParv गश्त पर ताजिये व सवारियां, सड़कों पर उमडे़ लोग- देखें वीडियो  

less than 1 minute read
Google source verification
Muharram History

Muharram History

जबलपुर. मोहर्रम की 9 तारीख शहादत की रात के मौके पर शुक्रवार को रोशनी से नहाई शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा। जगह-जगह रखे गए ताजिये व सवारियां शहर में गश्त के लिए निकलीं। देर रात सवारियां गश्त करते हुए मदार छल्ला पहुंचीं। ताजिये सिटी कोतवाली के सामने जियारत के लिए लाए गए। रात भर या अली या हुसैन के नारे गूंजते रहे। शनिवार को मोहर्रम की 10 तारीख यौमे आशूरा (यौमे शहादत) है। इसी दिन पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन अपने 72 जानिसारो के साथ कर्बला के मैदान में तीन दिन प्यासे रहकर शहीद हुए थे। योमे आशूरा पर ताजिये रानीताल कर्बला मैदान में विसर्जित होंगे।

सामूहिक जुलूस आज

शनिवार को दोपहर 2.30 बजे नमाज़ के बाद से ही नगर के विभिन्न अंचलों से सवारी ताजियों के जुलूस निकलेंगे। नायबे मुफ्ती ए आज़म मध्य प्रदेश मौलाना मुहम्मद मुशाहिद रजा कादरी भी लंगर ए इमाम आली मुकाम मे शामिल होंगे। मुस्लिम बहुल क्षेत्र से बड़ी संख्या में लंगर बांटने वाले वाहन जुलूस में शामिल रहेंगे। बहोराबाग, चार खंबा, मछली मार्केट, मिलौनीगंज, कोतवाली कमानिया, फुहारा, बल्देव बाग, आगा चौक होते हुए जुलूस रानीताल कर्बला मैदान पहुुंचेगा। जहां परंपरानुसार ताजिये ठंडे किए जाएंगे। जुलूस में शामिल लंगर बांटने वाले वाहन आगा चौक रानीताल ईदगाह मार्ग पर आगे बढ़ जाएंगे।

सदर, गढ़ा उपनगरीय क्षेत्र में सवारियां

छावनी क्षेत्र सदर के सवारी ताजियों का जुलूस शाम 4 बजे निकाला जाएगा। जो सदर बाजार की गलियों में गश्त उपरांत रानीताल कर्बला पहुुंचेगा। उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा में सवारी ताजियों का जुलूस 4 बजे निकलेगा। आनंद कुंज, गढ़ा बाजार, त्रिपुरी चौक से होते हुए सूपाताल कर्बला आएगा।