3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गरीब राशन के लिए मोहताज, दुकानों में नहीं दाना

परिवहन ठेका निरस्त: मप्र नागरिक आपूर्ति निगम नहीं कर पाया वैकल्पिक इंतजाम

2 min read
Google source verification
गरीब राशन के लिए मोहताज, दुकानों में नहीं दाना

गरीब राशन के लिए मोहताज, दुकानों में नहीं दाना

जबलपुर . राशन दुकानों में गरीबों के लिए खाद्यान्न की सप्लाई रुक गई है। बरगी, बरेला, सिहोरा और मझौली क्षेत्र में जिस ठेकेदार के पास परिवहन का ठेका था, वह निरस्त हो गया है। मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम का क्षेत्रीय कार्यालय वैकल्पिक इंतजाम नहीं कर पाया है। ऐसे में 250 से ज्यादा दुकानों में गरीबाें को खाद्यान्न का वितरण मुश्किल हो रहा है।

जिले की कई राशन दुकानों में अभी तक राशन नहीं पहुंचा है। इसकी वजह खाद्यान्न का परिवहन नहीं होना है। बताया जाता है कि खाद्यान्न आपूर्ति के ठेका को न्यायालय में चुनौती दी गई थी। इस पर हुई सुनवाई के उपरांत ठेका निरस्त कर दिया गया था। ऐसे में परिवहन रुक गया। लेकिन आपूर्ति निगम ने कोई वैकल्पिक इंतजाम ही नहीं किया। इसलिए हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पा रहा है। वे राशन दुकान आते हैं लेकिन वहां से निराश लौट रहे हैं।

तीनों क्षेत्रों में विभाजित परिवहन

द्वार प्रदाय योजना के तहत जिले को तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। तीनों क्षेत्रों में परिवहन के लिए अलग-अलग ठेकेदार हैं। पहला क्षेत्र जबलपुर शहर है। दूसरा पनागर, पाटन, कुंडम और शहपुरा है। तीसरा क्षेत्र सिहोरा, मझौली, बरगी और बरेला का आता है। इसी क्षेत्र में आपूर्ति ठेका निरस्त किया गया है। एक सप्ताह से ज्यादा समय होने पर भी नागरिक आपूर्ति निगम दूसरा इंतजाम नहीं कर पाया है। जबकि एल-2 से लेकर न्यूनतम दरों पर खाद्यान्न की सप्लाई की जा सकती है।

यह है िस्थति

- 991 राशन दुकान जिले में।

- 446 दुकान हैं शहरी क्षेत्र में।

- 545 ग्रामीण क्षेत्र में संचालित।

- 03 लाख 65 हजार पात्र परिवार।

- 13 लाख 35 हजार हितग्राही।

IMAGE CREDIT: gyani prasad

नहीं मना पाए अन्न उत्सव

शासन ने हर माह सात तारीख से अन्न उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत उस माह का खाद्यान्न वितरण प्रारंभ हो जाता है। लेकिन इन क्षेत्रों की दुकानों में खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पाया है। राशन दुकानों में खाद्यान्न भंडारण की ऐसी व्यवस्था है जिसमें पहले से राशन का भंडारण किया जाता है। नवंबर माह का खाद्यान्न अक्टूबर में भंडारित कर लिया जाता है। लेकिन इन दुकानों में यह व्यवस्था बिगड़ गई है।

न्यायालय के निर्णय पर परिवहन फर्म का ठेका निरस्त किया गया है। खाद्यान्न की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक इंतजाम किया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

अमित गौंड़, जिला प्रबंधक मप्र नागरिक आपूर्ति निगम

Story Loader