जबलपुर.
श्रीधाम विक्रमपुर के बीच मंगलवार को बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। दरअसल रेल ट्रेक पर आस्था स्पेशल ट्रेन के सामने रेल ट्राली आ गई। समय रहते ट्रेन के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इस घटना से हड़कंप मचा रहा।
प्रथम दृष्टया इसमें इंजीनियरिंग विभाग की लापरवाही सामने आई है। इनके द्वारा ट्रेक पर कार्य कराए जाने के दौरान ब्लॉक लिया जाना था। लेकिन इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों द्वारा ऐसा नहीं किया गया। बिना ब्लॉक लिए ही कार्य कराया जा रहा था जिससे इस ट्रेक पर ट्रेनों की लगातार आवाजाही बनीं रही है। वहीं इस मामले में रेल अधिकारी भी कुछ भी कहने से बचते रहे। गौरतलब है कि रेलवे में सुरक्षा और संरक्षा को लेकर महाप्रबंधक और रेलवे के आला अधिकारी लगातार निर्देश दे रहे हैं लेकिन इसके बाद भी रेल कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं।