#SawanSomvar शिवमय हुई संस्कारधानी, गली गली गूंजे बम भोले का जयकारा - देखें वीडियो
जबलपुर. सावन के तीसरे सोमवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का सुबह से तांता लगा। विशेषकर बड़ी संख्या में महिलाएं भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर पहुंची। लोगों ने कांवड़ पर नर्मदा जल लाकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित किया। शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतार लगीं। मदनमहल की पहाड़ी पर शारदा मंदिर में झण्डा चढ़ाने बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।
शिवालयों में दिन भर भक्तों की भीड़
झंडा चढ़ाने बड़ी संख्या में निकलीं टोलियां
नर्मदाजल से शिवजी का अभिषेक, शारदा मंदिर में मेला
इन मंदिरों में भीड़
शहर में गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, विजयनगर स्थित भगवान शिव मंदिर, ग्वारीघाट स्थित सोमेश्वर धाम, साकेतधाम, गढ़ा, अधारताल, रानीताल, मदनमहल स्थित शिवमंदिरों में लोगों ने सुबह से ही शिव शंभू की पूजा अर्चना शुरू की। गैबीनाथ मंदिर पुरवा में कांवड़ियों ने तिलवाराघाट से नर्मदाजल लाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया। लोग शिव शंभू के जयकारे लगाते हुए नजर आए। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन, पूजन के लिए कतारें लगीं।
परिवार के साथ पहुंचे
गाजे-बाजे के साथ झंडा लेकर श्रद्धालुओं की टोलियां मदनमहल पहाड़ी पर स्थित शारदा देवी के मंदिर पहुंचीं। लोगों ने परिवार सहित आस्था पूर्वक भगवती को झंडे अर्पित किए। संस्कारधानी के कोने-कोने से भक्त मां शारदा दरबार में उमड़ पड़े। शारदा चौक से मंदिर तक एक किमी के दायरे में लोग ही लोग दिखाई दिए। मातारानी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्घालु मां शारदा के जयकारे लगा रहे थे, जिससे पूरी पहाड़ी गूंज उठी।
भोलेनाथ की भक्ति में डूबी संस्कारधानी
शिव कल्याणकारी, भक्तों के हितकारी और विश्व के उद्धारक हैं। इस भाव के साथ शहर एवं आसपास के शिवालयों में शिव भक्तों और कांवडिय़ों का पहुंचना चलता रहा। शहर सहित आसपास कांवड़ यात्रा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का पहुंचना आरम्भ हो गया था। श्रावण के तीसरे सोमवार को पूरा शहर भगवान भोलेनाथ की आराधना में भक्ति भाव से डूबा रहा।