
file photo
जबलपुर. शहर में मॉल और होटल्स-रेस्टोरेंट ढाई महीने बाद सोमवार को खुल गए। पहले दिन 10 से 12 फीसदी कारोबार हुआ। लोगों ने अपनी जरूरत की चीजें खरीदी। इससे पहले गेट पर ही हाथों को सेनिटाइज करवाने के अलावा उनका थर्मल स्कैनर से तापमान लिया गया। फिर प्रवेश मिला। इसी प्रकार रेस्टोरेंट में भी ग्राहक पहुंचे लेकिन उनकी संख्या भी बहुत अधिक नहीं रही। डिनर टाइम में जरूर कुछ लोग परिवार के साथ पहुंचे।
जिला प्रशासन ने सोमवार से शॉपिंग मॉल को खोलने की अनुमति दे दी। रेस्टारेंट और होटल्स सहित अन्य आतिथ्य सेवाओं को भी शुरू किया गया। मॉल हो या रेस्टारेंट सभी में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हुई। यह संख्या सामान्य दिनों से बहुत कम थी लेकिन संचालक जितनी उम्मीद कर रहे थे, कारोबार उसके नजदीक ही रहा। अभी शादियों का सीजन है तो ऐसे में बाजार में ग्राहकों की संख्या बढऩे लगी है। लेकिन कई लोग ऐसे हैं जिन्हें मॉल में शॉपिंग करना पसंद है। उन्हें इन्हें खुलने का लंबे समय से इंतजार था। सोमवार को ऐसे ही लोग सबसे पहले प्रवेश करने वालों में शामिल थे। समदडिय़ा मॉल के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पहले दिन के लिए जितने कारोबार की अपेक्षा हमने की थी, उसी के अनुरूप व्यवसाय हुआ। उन्होंने बताया कि मॉल में लगभग सभी स्टोर खुले रहे। अब यह रोजाना खुलेंगे।
गारमेंट और कॉस्मैटिक आइटम पर जोर
शहर में दो शॉपिंग मॉल हैं। दोनों में जो ग्राहक पहुंचे, उनमें ज्यादातर ने रेडीमेड गारमेंट की खरीदी की। पसंदीदा डिजाइन के कपड़े खरीदे। इसके अलावा कॉस्मैटिक आइटम, फुटवेयर, आर्टिफिसियल ज्वेलरी, सजावट की चीजें और घरेलू जरूरत की चीजों को खरीदा। इस बीच स्टोर के आसपास वॉलेंटियर को भी तैनात किया गया ताकि सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने में वह लोगों की मदद कर सकें। ग्राहक एवं मॉल में तैनात स्टाफ की सुरक्षा के लिए जगह-जगह सेनिटाइजर रखवाया। मॉल में फूड स्टॉल और सिनेमा को आगामी आदेश तक बंद रखा गया है।
लंबे समय बाद पसंद के खाए व्यंजन
सिविक सेंटर में चलने वाले रेस्टारेंट में शाम के समय काफी लोग अपनी पसंद के व्यंजन खाने के लिए पहुंचे। नूडल्स के दीवाने इससे बहुत खुश रहे। उनका कहना था कि लंबे समय बाद वे इसका मजा उठा पाए। इसी प्रकार चाट, डोसा, पीजा, पाव भाजी, हॉट डॉग और मंचूरियन राइस जैसे दूसरे व्यंजनों के शौकीन भी रेस्टारेंट पहुंचे। पहले दिन इनकी संख्या बहुत ज्यादा नहीं रही। लेकिन आने वाले दिनों में ज्यादा संख्या में ग्राहक पहुंच सकते हैं।
Updated on:
8 Jun 2020, 10:34 PM IST
Published on:
8 Jun 2020, 10:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.