3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जन्माष्टमी पर संस्कारधानी की गलियांबनीं वृंदावन, बांके बिहारी ने मनमोहा – देखें वीडियो

जन्माष्टमी पर संस्कारधानी की गलियांबनीं वृंदावन, बांके बिहारी ने मनमोहा - देखें वीडियो  

2 min read
Google source verification
Sanskardhani jabalpur

Sanskardhani jabalpur

जबलपुर। जन्माष्टमी के पावन मौके पर गुरुवार को संस्कारधानी की गलियां वृंदावन की गलियां बन गईं। बांके बिहारी अपने ग्वाल-बाल और गोपियों संग नगर भ्रमण पर निकले तो पूरा शहर उनके दर्शनों को उमड़ आया। बारिश ऐसे हो रही थी, मानो स्वयं इंद्रदेव नंदलाला के चरण धुलने को आतुर हों। बैंड, धमाल और ढोल की धुनों पर श्रीकृष्ण के भक्त झूमते नाचते रहे। गोपियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह नजारा था इस दिन निकाली गई शोभायात्रा का। शहर की विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों की संयुक्त शोभायात्रा में आधा सैंकड़ा से अधिक झांकियां शामिल हुईं।

शोभायात्रा में मातृशक्ति पीत वस्त्र धारण कर शामिल हुईं। जय श्रीराधे, जय श्री कृष्णा के जयकारे लगाते हुए महिलाएं सनातन धर्म से युवाओं का परिचय करा रहीं थीं। ढोल की धुनों और कृष्ण भजनों पर नृत्य करते हुए वे चल रहीं थीं।

संतों ने की अगुवाई

सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में निकाली जाने वाली शोभायात्रा में यादव महासभा, श्रीकृष्ण मंदिर बाई का बगीचा, श्रीराम मंदिर गुप्तेश्वर समेत कई मंदिरों व समाजों की झांकियां शामिल हुईं। अगुवाई परम्परानुसार संतों ने की। जिसमें स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि, स्वामी नृसिंह दास, स्वामी मुकुंददास व अन्य संत शामिल थे। यादव समाज की शोभायात्रा में शामिल युवाओं ने अखाड़ों का जोरदार प्रदर्शन किया। पारम्परिक मल्लयुद्ध की झलक देखने को मिली। मुग्दर, लाठी, पटा, बनैटी आदि के प्रदर्शन किए गए। युवाओं की कलाबाजी देखकर लोग हैरत में पड़ गए।

मंचों से हुई पुष्पवर्षा, किया पूजन

शोभायात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाए गए थे। जहां से संतों व भक्तों पर पुष्पवर्षा के साथ ही उनका तिलक वंदन किया गया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत आरती पूजन किया गया। शोभायात्रा में शहर के विधायक, गणमान्य नागरिकों समेत बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल हुईं।

जीवंत झांकियों ने मन मोहा

शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, गोपियां व अन्य लीलाओं का जीवंत प्रदर्शन करने वाली झांकियां शामिल हुईं। छोटी कन्याओं व बाल गोपालों ने कान्हा, राधा बनकर मनमोहित कर दिया। झूला झूलते कान्हा देखते ही बन रहे थे। झांकियों के लोगों ने खूब वीडियो बनाए व फोटो खींचे। इनमें घटोत्कक्ष, कालिया मर्दन, रासलीला, राधा रानी संग नृत्य विशेष रूप से शामिल थीं। इनके अलावा चंद्रयान की लैंडिंग से लेकर लॉचिंग तक की झांकियां युवाओं के बीच सबसे ज्यादा चर्चा का विषय थीं। युवाओं ने विक्रम लैंडर और रोवर के साथ सेल्फी ली।

Story Loader