weather : नौतपा में ठंडे पड़े सूर्यदेव: दूसरे दिन भी नहीं चढ़ा पारा, छाए बादल
जबलपुर. नौतपा के पहले ही दिन मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से तेज धूप थी। दोपहर बाद बादल आ गए। इससे पारा 40 डिग्री से नीचे आ गया। दूसरे दिन भी बादलों की आँख मिचौली जारी है। अगले दो दिनों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड चलने व बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।
इसलिए गिरा पारा : मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हुआ। इससे दोपहर बाद मौसम बदल गया। दक्षिण पूर्वी मध्यप्रदेश से लेकर कर्नाटक तक ट्रफ लाइन सक्रिय हो गई है। बादल और ट्रफ लाइन के कारण तापमान में गिरावट हुई है। इसका असर अगले चार दिन रहेगा। नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य था। सुबह के समय नमी 39 प्रतिशत व शाम के समय 28 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवा पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है।
21 मई को था सबसे ज्यादा तापमान- इस सीजन में मात्र एक दिन ही अधिकतम तापमान 21 मई को 42.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद 22 मई को 40.1 डिग्री, 23 मई को 42 डिग्री, 24 मई को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया।