
young man murdered girlfriend's husband for love
जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गा्रम मोहला निवासी 30 वर्षीय मोनू कोल के अंधे कत्ल का राज खुल गया है। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के आरोप में खितौला के इटमा टोला निवासी अनिल कोल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल, मृतक मोनू की पत्नी का पूर्व प्रेमी है। खोया प्यार पाने व कहीं और शादी कर लेने का बदला लेने के लिए ही आरोपित अनिल ने प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतार दिया। शातिर दिमागी अनिल ने लोगों को गुमराह करने के लिए राहुल बनकर मोनू की हत्या की थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर लिया है।
पुराना है प्यार
एसपी एसपी अमित सिंह के अनुसार आरोपित अनिल मझौली थाना अंतर्गत ग्राम पड़वार खितौला के इटमा टोला गांव का रहने वाला है। उसके पड़ोस में ही मोनू की पत्नी सीमा का ननिहाल है। सीमा की अनिल से दोस्ती थी। इसके अलावा सीमा की इसी गांव के राहुल नाम के लड़के से भी दोस्ती थी। अनिल सीमा को चाहता था और वह उस पर शादी का दबाव डालता रहा, लेकिन उसकी दो महीने पहले मोहला निवासी मोनू कोल से शादी हो गई थी।
सबक सिखाने की वारदात
प्रेमिका की कहीं और शादी हो जाने से अनिल बेहद खफा था। वह प्रेमिका और उसके पतिको सिखाने की ताक में था। उनका मानना था कि यदि मोनू रास्ते से हट जाएगा तो वह सीमा से शादी कर लेगा। उसके उसका प्यार वापस मिल जाएगा। इसी इरादे से वह 4 जुलाई को मोहला गांव पहुंचा और खुद का परिचय राहुल के रूप में इस कारण दिया था कि हत्या के बाद वह फरार हो तो राहुल आरोपित बने। सीमा से दोस्ती के कारण वह राहुल से भी जलन रखता था।
बाहर गई हुई थी प्रेमिका
वारदात की रात अनिल की प्रेमिका यानी मोनू की पत्नी सीमा घर पर नहीं थी। वह अपनी बुआ की लड़की को इंटरव्यू दिलाने जबलपुर गई थी। वह घर पर होती तो शायद ये घटना नहीं हो पाती। यदि सीमा होती तो अनिल को पहचान लेती। अनिल को शायद मालूम था कि सीमा जबलपुर जाने वाली है। शायद इसीलिए ही उसने मोनू की हत्या के लिए ऐसा दिन चुना जिस दिन सीमा घर पर नहीं हो। बताया गया है कि सीमा की मोनू के साथ शादी दो महीने पहले ही हुई थी।
ऐसे खुला राज
एएसपी ग्रामीण राय सिंह नरवरिया ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने राहुल नाम के चार लड़कों से पूछताछ की, लेकिन कुछ ठोस तथ्य हाथ नहीं लगे। बाद में संदेह के आधार पर मोनू की पत्नी सीमा से पूछताछ की गई तो पता चला कि यहां आया हुआ युवक अनिल कोल भी हो सकता है। पुलिस ने तस्दीक की तो पता चला कि हत्या के बाद अनिल 5 जुलाई की सुबह चार बजे पान उमरिया निवासी मौसी के घर गया था। वहां उसने खून लगे नीली शर्ट व पेंट धो दिए थे। पुलिस पहुंची तो पता चला कि दो घंटे पहले अनिल वहां से निकल गया है। हालांकि पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे शनिवार को दबोच लिया। अनिल ने पुलिस को बताया कि वह सीमा से बेहद प्यार करता है। उसे वापस पाने के लिए ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। खुलासे में एसडीओपी सिहोरा अशोक तिवारी, थाना प्रभारी सिहोरा अनूप दुबे, थाना प्रभारी मझगवां एसआई चंद्रकांत झा, थाना प्रभारी मझौली अशोक तिवारी सहित आरक्षक मझौली के आरक्षक शम्भू मिश्रा की भूमिका रही।
Published on:
8 Jul 2018, 7:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.