
कांग्रेस की बाड़ाबंदी में पहुंचे 113 विधायक, 8 तक रहेंगे होटल में कैद
जयपुर।
राज्यसभा चुनाव के बीच कांग्रेस विधायकों में नाराजगी के उठे स्वर अब थम गए हैं। दो दिन पहले मुख्यमंत्री और नौकरशाही की कार्यशैली को लेकर सरकार पर हमला बोलने वाले छह विधायकों को रविवार को मुख्यमंत्री विशेष विमान से लेकर उदयपुर पहुंच गए। इसके अलावा भी कई मंत्री-विधायक होटल पहुंचे। अब बाड़ाबंदी में करीब 113 विधायक कैद हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में एआईसीसी की ओर से चुनाव प्रभारी लगाए गए पवन कुमार बंसल, टी.एस. सिंह देव और तीनों राज्यसभा उम्मीदवार मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला और प्रमोद तिवारी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री गहलोत सुबह विशेष विमान से मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा, विधायक, लाखन मीणा, वाजिब अली, संदीप यादव, खिलाड़ी बैरवा और गिर्राज मलिंगा को लेकर उदयपुर पहुंचे। इससे पहले विशेष विमान से ही मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, गोविंद मेघलवा, सुभाष गर्ग पहुंचे। रमेश मीणा सड़क मार्ग से शाम को उदयपुर पहुंच गए। उदयपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से मुलाकात की और बीमार चल रहे निर्दलीय ओमप्रकाश हुड़ला से भी मिले।
---
बाड़ाबंदी से बाहर -
भंवरलाल शर्मा, मुरारीलाल मीणा, दीपेंद्रसिंह शेखावत, परसराम मोरदिया (सभी का स्वास्थ्य खराब), भरतसिंह कुंदनपुर, महेश जोशी, राजेंद्र बिधूड़ी, विश्वेंद्र सिंह अभी नहीं पहुंचे हैं। इनमें से विधूड़ी और अन्य कुछ आज पहुंच सकते हैं। हरीश चौधरी पंजाब में उप चुनाव में व्यस्त हैं।
---
निर्दलीय : 13 निर्दलीय में से 12 निर्दलीय पहुंच चुके हैं। बलजीत यादव अभी नाराज बताए जा रहे हैं।
---
कड़ी सुरक्षा, बाहर निकलने पर रोक
कांग्रेस की बाड़ाबंदी उदयपुर के होटल ताज अरावली में चल रही है। होटल के आसपास और अंदर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि जो विधायक बाड़ाबंदी में पहुंच रहे हैं, उन्हें चुनाव तक होटल से बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही।
---
माकपा, बीटीपी और आरएलपी ने अभी नहीं खोले पत्ते...
माकपा : पार्टी के दो विधायक बलवान पूनिया और गिरधारीलाल हैं। बलवान एक दिन पहले ही मीडिया से बातचीत में कह चुके हैं कि वे भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे। एेसे में माना जा रहा है कि उनका वोट कांग्रेस के पक्ष में ही जाएगा। सियासी संग्राम के समय भी कांग्रेस सरकार का साथ दिया था।
---
बीटीपी : पार्टी के दो विधायक राजकुमार रोत और रामप्रसाद हैं। चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में निर्णय किया जाएगा।
आरएलपी - पार्टी के तीन विधायक इंदिरा देवी, पुखराज और नारायण बेनीवाल हैं। चुनाव को लेकर पार्टी ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। लेकिन पहले आरएलपी भाजपा के साथ रही है, एेसे में माना जा रहा है कि निर्दलीय के पक्ष में जा सकते हैं।
---
Published on:
6 Jun 2022, 11:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.