
भगवान महावीर का 2548वां मोक्ष कल्याणक पर्व कल, जैन मंदिरों में चढ़ेंगे निर्वाण लड्डू
जयपुर. जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2548 वां मोक्ष कल्याणक पर्व 25 अक्टूबर को श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान राजधानी जयपुर के जैन मंदिरों में भगवान महावीर स्वामी के कलशाभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजन करने के साथ-साथ निर्वाण कांड पाठ, जयमाला संपूर्ण अर्घ और मोक्ष कल्याणक अर्घ चढ़ाने के साथ निर्वाण लड्डू चढ़ाएं जाएंगे। भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक पर्व कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है। उसके पश्चात फिर शाम को गौतम गणधर को केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। इस बार अमावस्या दिवाली के दिन ना होकर अगले दिन है। ऐसे में जैन समाज मंगलवार को भगवान महावीर का मोक्ष कल्याण मनाएगा।
अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक का मुख्य आयोजन कल नारायण सिंह सर्किल स्थित भट्टारकजी की नसियां में आचार्य सुनील सागर ससंघ सान्निध्य में सुबह 9.15 बजे होगा। इस मौके पर भगवान को निर्वाण लड्डू चढ़ाया जाएगा। इसके अलावा टोंक रोड स्थित अतिशय क्षेत्र बाड़ा पदमपुरा में सुबह 9 बजे गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के सान्निध्य में, मानसरोवर के वरुण पथ दिगंबर जैन मंदिर में सुबह 7.30 बजे से आचार्य विवेक सागर ससंघ सान्निध्य में, बरकत नगर स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में मुनि अनुपम सागर और मुनि स्वयंभू सागर के सान्निध्य में, अजमेर रोड़ स्थित दहमी कलां आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य नवीन नंदी के सान्निध्य में, बिलवा स्थित जैन मंदिर नागल्या में आर्यिका नंगमती माताजी के सान्निध्य में निर्वाण लड्डू चढ़ाए जाएंगे। इनके अलावा श्याम नगर, विवेक विहार, राधा विहार, जनकपुरी, ज्योति नगर, कीर्ति नगर, महावीर नगर, गायत्री नगर, हीरा पथ, मीरा मार्ग, थड़ी मार्केट, एसएमएस कॉलोनी, सांगानेर संघी जी, चौमू का बाग, केसर चौराहा मुहाना मंडी रोड, जौहरी बाजार, किशनपोल, चांदपोल, चुलगिरी सहित शहर के सभी जैन मंदिरों में मोक्ष कल्याणक पर्व मनाया जाएगा।
Published on:
24 Oct 2022 11:15 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
