25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर से चलने वाली 700 निजी बसों का संचालन बंद… 50 हजार यात्री प्रभावित; हड़ताल ने रोकी रफ्तार

ऑल राजस्थान कॉन्ट्रेक्ट कैरिज बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राजधानी से चलने वाली करीब 700 निजी बसों का संचालन बंद रहा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Lokendra Sainger

•

Updated: 27 Jul 2025, 9:34 AM IST

jaipur news

Photo- Patrika Network

हीरापुरा बस टर्मिनल से निजी बसों के संचालन के विरोध में शनिवार से बस ऑपरेटर्स ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। ऑल राजस्थान कॉन्ट्रेक्ट कैरिज बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राजधानी से चलने वाली करीब 700 निजी बसों का संचालन बंद रहा। इसका सीधा असर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के यात्रियों पर पड़ा। दिल्ली, अहमदाबाद, इंदौर, भोपाल, सूरत, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर और माउंट आबू जैसे शहरों के लिए बसें नहीं चलीं। स्लीपर बसों में सफर करने वाले 50 हजार से अधिक यात्री असहज हालात में फंसे नजर आए।

वहीं, रविवार को प्रस्तावित लाइब्रेरियन परीक्षा के लिए आने वाले लगभग 80 हजार अभ्यर्थियों के सामने भी यात्रा का संकट खड़ा हो गया। कई अभ्यर्थी अन्य वाहनों व ट्रेनों से जयपुर पहुंचे। एसोसिएशन ने हड़ताल के तहत सभी ऑपरेटरों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अपनी सर्विस होल्ड करने और ऑफलाइन बुकिंग पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए।

न पार्किंग, न वेटिंग एरिया

एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि हीरापुरा बस स्टैंड पर जबरन बसों को शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि वहां न पार्किंग है, न वेटिंग एरिया और न ही बुनियादी सुविधाएं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इन मुद्दों पर चर्चा नहीं करती और हीरापुरा में सुविधाएं विकसित नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवहन विभाग की ओर से जबरन चालान बनाए जा रहे हैं। महामंत्री प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि सिंधी कैंप से हीरापुरा तक यात्रियों को पहुंचाने की कोई सरकारी व्यवस्था नहीं है।

रात को भी चलेंगी सिटी बसें

आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड के निर्णय की पालना की जा रही है। यात्रियों को हीरापुरा तक पहुंचाने के लिए हर घंटे रात को भी सिटी बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए जेसीटीएसएल को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से अजमेर की ओर जाने वाली सभी रोडवेज और प्राइवेट बसों का संचालन हीरापुरा बस स्टैंड से ही किया जाएगा। इसके तहत रोडवेज की 30 से 40 और निजी क्षेत्र की 300 से 400 बसें वहां से चलाई जाएंगी।

रोडवेज पर बढ़ा दबाव, 60 अतिरिक्त बसें चलाई गईं

हड़ताल के चलते रोडवेज सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव आ गया है। हरियाणा में 26 और 27 जुलाई को परीक्षा होने के कारण वहां की 130 रोडवेज बसें जयपुर नहीं आ रही हैं। वहीं निजी बसों की हड़ताल ने भी यात्रियों का बोझ बढ़ा दिया है। इस स्थिति को देखते हुए रोडवेज ने 50 से 60 अतिरिक्त बसें संचालन में लगाई हैं।