
Jaipur News : राज्य की नई भजनलाल सरकार ने अवैध खनन माफिया के खिलाफ 17 दिन अभियान चलाकर 10.79 करोड़ रुपए की खनिज सामग्री जब्त की है। वहीं अवैध खनन करने वालों पर 9.27 करोड़ रुपए की पेनल्टी लगाई गई है। माफिया के खिलाफ 520 पुलिस थानों में मामले दर्ज कराकर 243 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियान पहले चरण में 15 से 31 जनवरी तक चलाया गया। बताया जा रहा है कि अभियान की तारीख बढ़ाने को लेकर खान विभाग ने फाइल राज्य सरकार को भेजी है। संभवतः गुरुवार को अभियान की तारीख और बढ़ाई जा सकती है।
प्रदेश में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की मिली शिकायतों के बाद अभियान शुरू किया गया था। हाल ही हुए विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में अवैध खनन और बढ़ गया था। इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खान विभाग, पुलिस, प्रशासन, वन और परिवहन विभाग के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया था। अभियान में मिली सफलता को देखते हुए खान विभाग ने 31 जनवरी को समाप्त हुए अभियान की तारीख और बढ़ाने को लेकर राज्य सरकार को फाइल भेजी है।
489 स्थानों पर प्रदेश में चला रहा था अवैध खनन
प्रदेश में 489 स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन गतिविधिया चल रही थी। जहां अभियान के दौरान कार्रवाई की गई। विभाग ने अभियान से पहले ही प्रदेशभऱ के अवैध खनन वाले स्थानों को चिन्हित कराया था। राज्यव्यापी अभियान में 489 स्थानों पर अवैध खनन सहित अवैध खनन गतिविधियों खनिज भंडारण व परिवहन के 2283 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें से 520 मामलों में पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। खान सचिव आनंदी ने बताया कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों पर आगे भी सख्ती से कार्रवाई होगी।
भीलवाड़ा अवैध खनन में टॉप पर
प्रदेश में सर्वाधिक 149 कार्यवाही भीलवाड़ा जिले में हुई हैं। चित्तौड़गढ़ और कोटा में 100-100 कार्यवाई व अन्य जिलों में इससे कम प्रकरण सामने आए। सर्वाधिक 56 एफआईआर टोंक, धौलपुर में 43 और शेष अन्य स्थानों पर दर्ज हुई हैं। अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त लोगों की झालावाड़ में 33 गिरफ्तारी हुई है। टोंक में 30, धौलपुर में 25, जालौर में 24 व शेष प्रदेश के अन्य स्थानों पर हुई हैं। इसी प्रकार अवैध खनन करते मिली 47 एक्सक्वेटर, 67 जेसीबी और 5 क्रेन जब्त की गई हैं।
हनुमानगढ़ में सबसे अधिक खनिज सामग्री जब्त
राज्यव्यापी अभियान के दौरान अब तक 10 करोड़ 79 लाख रु. से अधिक का 2 लाख 17 हजार 563 टन खनिज संपदा जब्त की जा चुकी है। प्रदेश में सर्वाधिक 1.80 करोड़ की 8494 टन अवैध खनिज सामग्री हनुमानगढ़ और 1.07 करोड़ का 24813 टन खनिज जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में जब्त की गई है। अभियान में 9.27 करोड़ की पेनल्टी वसूली की गई है। इसमें सर्वाधिक वसूली में भीलवाड़ा 59.69 लाख, चित्तोड़गढ़ 56.01 लाख, अजमेर 53.61 लाख रुपए की हुई है।
Published on:
01 Feb 2024 10:31 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
