पुलिस भी अंतिम लोकेशन के आधार पर सर्च शुरु कर रही है। लास्ट लोकेशन दिल्ली में ही मिली है। पुनीत ने पुलिस को बताया कि उसने संजू के साथ लव मैरिज की थी।
जयपुर
राजधानी जयपुर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। 24 साल की महिला का अपहरण का केस दर्ज किया गया है। मानसरोवर थाना पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पति और परिवार के अन्य लोग जयपुर से दिल्ली तक कई बार तलाश कर चुके हैं लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। फोन भी बंद आ रहा है।
मानसरोवर पुलिस ने बताया कि स्वर्ण पथ निवासी पुनीत की शादी दो साल पहले संजू कुमारी जाटव के साथ हुई थी। संजू दिल्ली में रहने वाले अपने धर्म भाई के संपर्क में भी थी। 28 अगस्त को संजू अपने धर्म भाई महेश कुमार से मिलने के लिए दिल्ली गई थी। उसके बाद दो सितंबर को संजू और पुनीत की शादी की दूसरी सालगिरह आई। उसे मनाने के लिए पुनीत भी दिल्ली चला गया और वहां पर छोटा सा आयोजन कर सालगिरह मनाई गई। उसके बाद अगले दिन यानि तीन सितंबर को पुनीत वापस जयपुर आ गया।
पुनीत ने पत्नी को साथ चलने के लिए कहा तो संजू ने कहा कि वह दो तीन दिन में लौट आएगी। पता चला कि पांच सितंबर को वह महेश कुमार के घर से जयपुर आने के लिए रवाना हो गई। लेकिन कुछ देर के बाद ही उसका फोन बंद हो गया। वह न तो जयपुर पहुंची और न ही दिल्ली में वापस अपने भाई के पास लौटी। संजू के पति पुनीत और उसके धर्म भाई एक महीने से उसे तलाश कर रहे हैं।
पुनीत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है। पुलिस भी अंतिम लोकेशन के आधार पर सर्च शुरु कर रही है। लास्ट लोकेशन दिल्ली में ही मिली है। पुनीत ने पुलिस को बताया कि उसने संजू के साथ लव मैरिज की थी। दोनो के परिवार इसके लिए राजी नहीं थे। इसलिए अब वे परिवार से अलग रह रहे हैं।