जयपुर

Rajasthan News : तूल पकड़ रहा प्रतापगढ़ मामला, सीएम गहलोत खुद जा रहे पीड़िता से मिलने, पढ़ें अभी की बड़ी खबर

CM Ashok Gehlot on Pratapgarh Tribal women viral video incident : तूल पकड़ रहा प्रतापगढ़ मामला, सीएम गहलोत खुद जा रहे पीड़िता से मिलने, पढ़ें अभी की बड़ी खबर

3 min read
Sep 02, 2023

जयपुर।

प्रतापगढ़ जिले में महिला को निवस्त्र कर वीडियो वायरल मामले को जहां भाजपा नेता प्रदेश में बिगड़ती क़ानून व्यवस्था का मुद्दा बनाते हुए उठा रहे हैं, वहीं सीएम गहलोत ने इसे पारिवारिक मामला बताया है। साथ ही इस घटनाक्रम के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

सीएम गहलोत ने एक ट्वीट प्रतिक्रया जारी करते हुए चिंता जताई है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ये मामला पीहर और ससुराल पक्ष के आपसी पारिवारिक विवाद का है। ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा महिला को निर्वस्त्र करने का वीडियो सामने आया है। पुलिस महानिदेशक को एडीजी क्राइम को मौके पर भेजने और इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम गहलोत ने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। इन अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डालकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सजा दिलवाई जाएगी।


सीएम गहलोत के कार्यक्रम में बदलाव

मामला गरमाने के बाद सीएम गहलोत ने शनिवार के अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव किया है। जानकारी के अनुसार वे भीलवाड़ा से सीधा प्रतापगढ़ जाएंगे, जहां वे धरियावद में पीड़ित महिला से मिलकर उन्हें आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देंगे। इस दौरान एडीजी क्राइम सहित पुलिस के अन्य आला अफसर भी मौजूद रहेंगे। सीएम गहलोत को आज गंगापुरसिटी दौरे पर भी जाना था, लेकिन अब वे वहां 4 सितम्बर को जाएंगे।

नड्डा-वसुंधरा समेत भाजपा नेता हमलावर

प्रतापगढ़ में महिला को निवस्त्र घुमाने के मामले पर सियासी पारा गरमा गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे समेत तमाम भाजपा नेता एक बार फिर सरकार पर हमलावर दिख रहे हैं। परिवर्तन यात्रा के सिलसिले में प्रदेश दौरे पर आने से पहले नड्डा ने ट्वीट संदेश में कहा कि राजस्थान के प्रतापगढ़ का वीडियो हैरान करने वाला है। राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है। मुख्यमंत्री और मंत्री आपसी झगड़ों को निपटाने में व्यस्त हैं और शेष रहे कार्यकाल में दिल्ली के एक राजवंश को खुश करने में व्यस्त हैं।

नड्डा ने कहा कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि राज्य में महिला सुरक्षा के मुद्दे को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। आए दिन महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की कोई न कोई घटना सामने आती रहती है। राजस्थान की जनता राज्य सरकार को सबक सिखाएगी।

सरकार को क्यों नहीं सुनाई देतीं बेटियों की चीखें: वसुंधरा
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि एक गर्भवती युवती को सरेआम निर्वस्त्र करने का अश्लील वीडियो वायरल होता रहा और घटना की प्रशासन को खबर तक नहीं थी। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध ने इस कदर पैर पसारे हैं कि आए दिन राजस्थान को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। महिला अत्याचार में प्रदेश को देश में नंबर 1 बनाने की जिम्मेदार स्वयं कांग्रेस सरकार की है। मुख्यमंत्री जी - आख़िर ऐसी क्या मजबूरी है कि राजस्थान में बेटियों की लुटती अस्मत और चीखें आपकी कांग्रेस सरकार को सुनाई नहीं देतीं?

तत्काल इस्तीफा दें मुख्यमंत्री: राठौड़
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने प्रतापगढ़ की घटना को सरकार के माथे पर कलंक और शर्मनाक बताया। उन्होंने एक ट्वीट प्रतिक्रिया में लिखा, 'गहलोत के जंगलराज में कोई दिन ऐसा नहीं गुजरता जब कोई निर्भया कांड आकार नहीं लेता हो। राज्य में बहन बेटियों के साथ अत्याचार की पराकाष्ठा हो गई है। किसी सभ्य समाज में महिलाओं के साथ ऐसे जघन्य अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। प्रतापगढ़ में ना केवल महिला के साथ अनाचार हुआ बल्कि वीडियो भी वायरल किया गया। गृहमंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री पूरी तरह नाकाम और विफल साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दें।'

कुर्सी बचाने की सियासत में व्यस्त 'सरकार': पूनिया
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व उपनेता प्रतिपक्ष डॉ सतीश पूनिया ने कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कि वह अपराध का वीडियो भी खुलेआम बना रहे है। यह दुर्व्यवहार समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की हार है। महिलाओं के प्रति बढ़ते वीभत्स अपराध चीख-चीख कर दरिंदगी बयान कर रहे हैं और मुख्यमंत्री किसी अबला की अस्मत बचाने की बजाय कुर्सी बचाए रखने की सियासत में व्यस्त हैं।

Published on:
02 Sept 2023 12:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर