जयपुर

गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांडः अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर कांग्रेस विधायक, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

-कांग्रेस विधायक चेतन डूडी, रामनिवास गावड़िया और मुकेश भाकर ने सरकार पर साधा निशाना, विपक्ष ने भी गहलोत राज को जंगलराज बताते हुए मुख्यमंत्री गहलोत का इस्तीफा मांगा

3 min read
Dec 04, 2022

जयपुर। सीकर में शनिवार को राजू ठेहट और ताराचंद कड़वासरा की गोली मारकर हत्या के मामले में अब गहलोत सरकार विपक्ष के साथ-साथ अपनों के भी निशाने पर आ गई है। कांग्रेस के कई युवा विधायकों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का निशाना साधा है।

ऐसा पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के कई विधायकों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। इससे पहले भी कई बार कांग्रेस के कई मंत्री-विधायक कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर चुके हैं। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी लगातार कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साध चुके हैं । वहीं अब शनिवार हुई घटना के बाद कांग्रेस विधायक चेतन डूडी, मुकेश भाकर और रामनिवास गावड़िया ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए सीएम गहलोत निशाना साधा है।


इस मामले को लेकर जहां कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि 'मुख्यमंत्री जी राजस्थान को यूपी-बिहार बनने से बचाओ'। कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया ने ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 'राजस्थान शांतिप्रिय राज्य रहा है, पिछले कई दिनों से हो रही घटनाओं के साथ सीकर हत्याकांड से पुलिस की नाकामी सीधे तौर पर नजर आ रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी अपराध की ओर बढ़ते राजस्थान को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए'।


कांग्रेस विधायक चेतन डूडी ने भी सीकर हत्याकांड पर दुख जताते हुए पुलिस की नाकामी पर सवाल खड़े किए। चेतन डूडी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'शिक्षा नगरी सीकर में हुआ हत्याकांड का बेहद दुखद घटना है। दिनदहाड़े हुई घटना पुलिस प्रशासन की नाकामी को दर्शाती है। इस हत्याकांड में मृतक राजू ठेहट और ताराचंद कड़वासरा के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। राजस्थान जैसे शांत प्रदेश में ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करके कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए।


प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी अपने गृह जिले सीकर में हुए दोहरे हत्याकांड की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की थी।

धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर
वहीं सीकर हत्याकांड में जायल निवासी ताराचंद कड़वासरा की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार के व्यक्ति को सरकारी नौकरी, बच्ची को एमबीबीएस के लिए सरकारी सीट आवंटित करने सहित आर्थिक पैकेज की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर सीकर में ही धरने पर बैठे हैं, जहां उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगे लिखित में नहीं मानी जाती तब तक वे परिजनों के साथ धरने पर ही बैठे रहेंगे।

विपक्ष ने भी उठाए सवाल
इससे पहले सीकर हत्याकांड को लेकर विपक्ष के कई नेताओं ने भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया था। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि 'मुख्यमंत्री जो गृहमंत्री भी हैं उनके द्वारा कानून व्यवस्था की समीक्षा मात्र फोटो खिंचवाने तक ही सीमित है।

कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इनके पास कोई ठोस एक्शन प्लान नहीं है, ना प्रदेश की जनता की सुरक्षा पर चिंतित है। इसलिए नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा, देख लो जादूगर, दम तोड़ती प्रदेश की लचर क़ानून व्यवस्था। यह केवल एक अबोध बालिका के सर से बाप का साया नहीं उठा है, यह दृश्य अपराधियों के आगे दम तोड़ती कमजोर पुलिसिंग और आपके ख़त्म होते इक़बाल की भयावह तस्वीर है; आपसे अब नहीं हो पाएगा बेहतर है कि आप पद से विदा हो जाएं ।

नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि एनसीआरबी की रिपोर्ट में राजस्थान के जंगलराज की प्रमाणिकता पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी सदन में सवाल खड़ा करते हैं। शेखावाटी के सीकर में बच्चे के अपहरण की घटना हुई, नागौर कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े गैंगवार हुई। रोज घटित हो रहे अपराधों पर अब मुखिया जी क्या कहेंगे।

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी इस घटना पर ट्वीट करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा था कि सीकर में हुई घटना में अपराधियों ने नागौर जिले के ताराचंद कड़वासरा की भी गोली मारकर हत्या कर दी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी आपको, आपकी पुलिस और इंटेलिजेंस को राहुल गांधी की यात्रा से फुर्सत मिल जाए तो बिलखती बच्ची को भी आप जवाब देना, आखिर कब तक राजस्थान में इस तरह के अपराध होते रहेंगे। गौरतलब है कि शनिवार को गैंगस्टर राजू ठेहट की कुछ बदमाशों ने खुलेआम गोली मार हत्या कर दी थी। वहीं इस मामले में नागौर जिले के ताराचंद कड़वासरा की भी गोली लगने से मौत हो गई थी।

वीडियो देखेंः- Sikar Shootout Gangster Raju Theth Murder : Selfi लेकर आई raju theth की मौत

Updated on:
04 Dec 2022 10:00 am
Published on:
04 Dec 2022 09:52 am
Also Read
View All

अगली खबर