जयपुर. घर में सोती महिला का मुहं दबाकर चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के (Crime News Jaipur) जेवरात लूटकर ले गए। यह वारदात कालवाड़ थाने के मीनों की ढाणी बुगलिया में चंदा देवी के मकान में हुई। चंदा देवी अपने मकान में अकेली सो रही थी। रात के समय तीन-चार चोर दरवाजे को फांदकर उसके घर में घुसे। जिससे उसकी नींद खुल गई। चोरों को देख महिला ने हल्ला मचाना शुरू किया, लेकिन दो चोरों ने दौड़कर कर महिला का मुहं बंद कर दिया। इसके बाद चोर कमरे में रखे बक्से से सोने का मंगलसूत्र, सोने की दो चेन, अंगूठी, चांदी की पायजेब तथा अन्य सामान ले गए। जाते समय चोर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी देे गए। सुबह के समय महिला ने चिल्लाकर पडोसियों को बुला लिया तथा लूट की वारदात की जानकारी दी। जिससे ग्रामीणों की भीड़ उसके घल पर जमा हो गई। सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों ने लूट का वारदात पर नाराजगी जताई तथा बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर जेवरातों को बरामद करने की मांग की।