जयपुर

राजस्थान में नए मेडिकल कॉलेजों पर संकट, धरा रह जाएगा चिकित्सा ​शिक्षा का “बूस्ट प्लान”

एनएमसी की तैयारी : नए कॉलेज के लिए 10 लाख आबादी और 15 किमी अंतराल होगा जरूरी, 150 सीट से ज्यादा का नहीं होगा कोई कॉलेज - करीब आधा दर्जन निवेशक केन्द्र की इस तैयारी से निराश- 15 नए कॉलेजों की राज्य सरकार की तैयारी को भी पड़ सकता है असर

2 min read
Jul 25, 2023
Government Medical College Ratlam

विकास जैन

जयपुर। आने वाले समय में देश में नए मेडिकल कॉलेज खोलना आसान नहीं होगा। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने कई राज्यों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की गति पर ब्रेक लगाने की तैयारी कर ली है। कमीशन ने एक मसौदा सार्वजनिक किया है, जिसके मुताबिक न्यूनतम दस लाख की आबादी कवर करने वाले इलाके में ही नया मेडिकल कॉलेज खुलेगा। दो मेडिकल कॉलेजों के बीच की दूरी भी 15 किलोमीटर होना अनिवार्य होगी। नए नियम अनुसार 200 या 250 सीटों की मान्यता नहीं दी जाएगी। नया ड्राफ्ट सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों दोनों के लिए है। ऐसा हुआ तो राजस्थान जैसे राज्यों में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार थम जाएगा, जहां नए मेडिकल कॉलेज खोलने पर तेज गति से काम काफी देरी से शुरू हुआ है।

लोगों की राय जानने के बाद उक्त नियम सत्र 2024-25 से लागू किए जा सकते हैं। जयपुर शहर की आबादी इस समय करीब 50 लाख है और सरकारी व गैर सरकारी सहित पांच मेडिकल कॉलेज यहां पहले से हैं। आबादी के हिसाब से देखें तो भी जयपुर जिले को अभी 5 से 6 नये मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता है । जबकि यदि अगले 20-25 वर्ष की स्वास्थ्य शिक्षा का प्लान किया जाये तो 12-15 मेडिकल कॉलेज की बुनियाद अभी से ही रखनी होगी।

स्थानीय रोजगार को भी करेगा खत्म

राजस्थान सरकार इस समय करीब 15 नए कॉलेजखोलने की तैयारी कर रही है। जबकि करीब आधा दर्जन निजी निवेशक इस क्षेत्र में आने की तैयारी में हैं। एक बड़ी चिंता सांस्थानिक निवेश के लिए राज्य सरकारों की ओर से चिन्हित भूखंडों को लेकर भी है। प्रत्येक राज्य ने अपने औद्योगिक उप नगरों या कई जगह शिक्षा सिटी के रूप में उच्च शिक्षा के लिए प्लॉट सृजित किए हैं। उन प्लॉट पर निवेश विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। कोई अन्य चिकित्सा शिक्षा प्रोजेक्ट ऐसे भूखंडों के 15 किलोमीटर के दायरे में आता है तो वहां नया मेडिकल कॉलेज नहीं आ सकता। ऐसे में नए नियम बड़े निवेश और वृहद पैमाने पर संभावित स्थानीय एवं राज्य स्तर के रोज़गारों को खत्म कर सकते हैं।

असमंजस : दूरी अस्पताल से या कॉलेज से !

राजस्थान में खुले नए मेडिकल कॉलेज अलग नियम के तहत खोले गए थे। जिसमें हॉस्पिटल कहीं और और कॉलेज कहीं और बनाया गया।नया मेडिकल कॉलेज 15 किलोमीटर की परिधि के हिसाब से खोला जाता है तो उसमें हॉस्पिटल से 15 किलोमीटर की दूरी मानी जाएगी या कॉलेज से 15 किलोमीटर की। इसको लेकर स्वीकृति के क्या नियम होंगे, इसको लेकर भी नए मसौदे से असमंजस है।

बड़ा सवाल

प्रधानमंत्री ने वर्ष 2022 में अपील की थी कि बड़ी-बड़ी इंडस्ट्री के लोगों को हेल्थ केयर सेक्टर में आना चाहिए और भारत में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने चाहिए। उस पर एक बहुत बड़ा सवाल खड़ा होता है। क्योंकि भारत और राजस्थान में कई जिलों की आबादी 10 लाख से कम है और वहां मेडिकल कॉलेज या तो है नहीं या शुरू करने की तैयारी में है।

---

राजस्थान सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। एनएमसी के नए प्रावधान क्या करने की तैयारी है, यह नियमावली आने के बाद ही कुछ कह सकते हैं।
परसादीलाल मीणा, चिकित्सा मंत्री, राजस्थान

Published on:
25 Jul 2023 01:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर