24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दानालपुर स्कूल में छह शिक्षकों के तबादले से शिक्षा व्यवस्था चरमराई

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 24, 2026

Rajasthan

ग्राउण्ड िरपोर्ट .................
पटोदा. ग्राम पंचायत दानालपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक साथ छह से अधिक शिक्षकों के तबादले और पहले से रिक्त पदों के कारण शिक्षण व्यवस्था लड़खड़ा गई है। हालात ऐसे हैं कि जुलाई माह समाप्ति की ओर है, लेकिन विद्यालय में कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं। इसका सीधा असर करीब 200 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा है। सबसे अधिक चिंता बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को लेकर है, जिनकी नियमित पढ़ाई बाधित होने से परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय से हाल ही में व्याख्याता रसायन विज्ञान, व्याख्याता कृषि विज्ञान, वरिष्ठ अध्यापक हिंदी, वरिष्ठ अध्यापक सामाजिक विज्ञान तथा लेवल-द्वितीय के गणित और विज्ञान शिक्षकों का तबादला हो गया। इसके अलावा विद्यालय में शारीरिक शिक्षक, सहायक कर्मचारी और लिपिक के पद भी लंबे समय से रिक्त हैं। शिक्षकों की कमी के कारण कई कक्षाओं को एक साथ संचालित करना पड़ रहा है, जिससे विद्यार्थियों को विषयवार पढ़ाई नहीं मिल पा रही है।

विद्यालय में कृषि संकाय भी संचालित है। इस विषय के अध्ययन के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की आवश्यकता होती है, लेकिन कृषि विज्ञान सहित रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी नियुक्तियां नहीं हुईं तो विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो जाएगा। विद्यालय प्रशासन का भी मानना है कि वर्तमान स्टाफ के भरोसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चुनौतीपूर्ण हो गया है। सीमित शिक्षकों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आने से पढ़ाई का स्तर प्रभावित हो रहा है।
यह बोले अधिकारी
प्रधानाचार्य रीना कुमारी मीना ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालांकि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की ओर से दो व्याख्याताओं की अस्थायी व्यवस्था की गई है, लेकिन इससे पूरी आवश्यकता पूरी नहीं हो पा रही है। अभी भी कई विषयों के लिए शिक्षकों की जरूरत बनी हुई है।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महावीरजी भंवरलाल मीना ने बताया कि तबादलों के कारण शिक्षकों की कमी हुई थी। जिन विषयों में रिक्तियां आई हैं, वहां वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था कर दी गई है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर
तबादलों के बाद रिक्त पदों का लंबे समय तक नहीं भरना और विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और कृषि जैसे विषयों में शिक्षक नहीं होने से बच्चों की बुनियाद कमजोर होती है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए रिक्त पदों को शीघ्र भरना, ग्रामीण विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराना तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ कम करना आवश्यक है। तभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बेहतर हो सकेगा।


दानालपुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय।