जयपुर

Diwali 2023 : धरती पर उतर आए चांद-तारे, दिवाली से पहले जगमग हुए बाजार, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

Diwali Festival : दीपोत्सव के स्वागत में बाजार सजकर तैयार है। एमआई रोड पर लाइट का स्वीच ऑन होते ही धरती पर चांद—सितारों की चमक बिखर पड़ी। रोशनी देखने के लिए देर रात तक बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी।

2 min read
Nov 09, 2023
Diwali 2023 : धरती पर उतर आए चांद-तारे, दिवाली से पहले जगमग हुए बाजार, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

जयपुर। दीपोत्सव के स्वागत में बाजार सजकर तैयार है। एमआई रोड पर लाइट का स्वीच ऑन होते ही धरती पर चांद—सितारों की चमक बिखर पड़ी। रोशनी देखने के लिए देर रात तक बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी। जौहरी बाजार में आज से रोशनी का स्वीच ऑन होगा। वहीं अन्य बाजार भी धनतेरस पर शुक्रवार को रोशनी से जगमम हो उठेंगे। इस बार कई बाहरी बाजार भी पहली बार रोशनी से जगमग हो रहे है। बाजारों में दीपावली की रोनक नजर आने लगी है।

राजधानी के बाजारों में दीपोत्सव का उल्लास नजर आने लगा है। एमआई रोड बाजार रोशनी से जगमग हो उठा। इसके साथ ही बाजारों में रोशनी देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। देर रात तक लोग रोशनी देखने के लिए आते रहे। इस दौरान बाजार में सजी हनुमानजी शिवजी की आरती करते हुए और शेषनाग पर विराजे लक्ष्मी व विष्णु की झांकी भी लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र रही, लोग बाजार में सेल्फी व फोटो लेते नजर आए। एमआई रोड व्यापार मंडल महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि बाजार में इस बार 8 दिन तक रोशनी होगी। करीब 3 किलोमीटर लंबा मार्केट 15 नवंबर तक रोशन रहेगा। वहीं हल्दियों का रास्ता भी रोशनी से जगमग हो उठा है। शाम होते ही बाजार में रोशनी देखने के लिए लोग उमड़ रहे है।

जौहरी बाजार आज से जगमग
जौहरी बाजार में दिवाली की सामूहिक का स्वीच ऑन आज शाम को होगा। जौहरी बाजार व्यापार मंडल महामंत्री कैलाश मित्तल ने बताया कि बाजार 13 नवंबर तक लाइट से जगमग रहेगा। बाजार दीपकों के जैसे रोशनी से जगमगाता नजर आएगा। बाजार में जगह—जगह स्वागत द्वार बनाए गए है, जिन पर लाइट बहती नगर आएगी। इस बार बाजार में आकर्षण रोशनी देखने को मिलेगी।

इन बाजारों में कल से रोशनी
शहर के त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, चांदपोल बाजार सहित अन्य बाजार धनतेरस से रोशनी से जगमग होंगे। त्रिपोलिया बाजार में दिवाली सजावट में इस बार त्रिपोलिया गेट पर चन्द्रयान देखने को मिलेगा। त्रिपोलिया बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बाजार में दिवाली की रोशनी 10 नवंबर से 14 नवंबर तक होगी। इस बार त्रिपोलिया गेट पर 12 फीट का चन्द्रयान लोगों के बीच आकर्षक का केन्द्र होगा। पृथ्वी से लेंटर उड़ान भरता नजर आएगा।

समुद्र मंथन का नजारा
शहर के चांदपोल बाजार में सामूहिक सजावट में इस बार छोटी चौपड़ पर समुद्र मंथन होता नजर आएगा। वहीं बाजार में नंदी पर शिवजी सवार नजर आएंगे, जो लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र होगा। बाजार में जगह—जगह देवी—देवताओं के दर्शन होंगे, इसके लिए 15 से अधिक झांकियां सजाई जा रही है। चांदपोल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि बाजार में 10 नवंबर को लाइट का स्वीच आॅन होगा, बाजार में 13 नवंबर तक रोशनी रहेगी।

चौड़ा रास्ता में चमकते नजर आएंगे पेड़—पौधे
चौड़ा रास्ता में दिवाली की सामूहिक सजावट को अंतिम रूप दिया गया है। बाजार में लाइट का स्वीच ऑन धनतेरस पर होगा। इस बार बाजार में पेड़—पौधे भी लाइटिंग से चमकते नजर आएंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष सोभागमल अग्रवाल ने बताया कि बाजार में 10 से 15 नवंबर तक रोशनी रहेगी।

बाहरी बाजार भी सजकर तैयार
परकोटे के बाहरी बाजार भी दिवाली को लेकर सजकर तैयार हो गए है। बाजारों में आकर्षक रोशनी की जा रही है। राजापार्क, झोटवाड़ा, वैशाली नगर, मानसरोवर व मालवीय नगर के बाजारों में दिवाली की सामूहिक सजावट की गई है। कई बाजारों में रोशनी शुरू हो चुकी है। सीकर रोड पर भी इस बार लाइटिंग की गई है। शहर के शॉपिंग मॉल्स, कॉम्पलेक्सों भी रोशनी से जगमग नजर आने लगे है।

Published on:
09 Nov 2023 03:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर