
चालाक दुल्हन और उसके नकली भाभी के झांसे में मत आ जाना, वरना..
दुल्हन पाने की ख्वाहिश पालने वाले कई लोग इनके शिकार बने। कई तो अपनी इज्जत का जनाजा ना निकले इसलिए चुप्पी साध गए, लेकिन कई पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली। मासूम सी नजर आने वाली युवती को दुल्हन बताकर एक महिला उसकी भाभी बन जाती है। शादी नहीं होने से परेशान लोगों को गरीब बनकर कुछ लाख रुपए में ननद से शादी करने का झांसा देती है। पैसे मिलने के बाद शादी भी कर देती है। तीन से पांच दिन बाद वही दुल्हन घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो जाती है। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं बल्कि भरतपुर के चिकसाना पुलिस के हत्थे चढ़ी यूपी के बरेली गैंग की दो महिलाओं से पूछताछ के बाद आई कहानी है। इस गिरोह के दूसरे और सदस्यों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हैदर अली जैदी ने बताया कि थाना चिकसाना के हथैनी निवासी अमर सिंह जाट ने एक रिपोर्ट पेश की थी कि उसके भाई रमेश उर्फ भूरा व नाहरसिंह की शादी बरेली यूपी निवासी सीमा व शिवानी के साथ 8 नवम्बर को संतो यादव निवासी बरेली के मार्फत हुई थी। 13 नवम्बर की रात्रि को दोनों दुल्हनें घरवालों की चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक जैदी ने आरोपियों की तलाश के लिए अति पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ मूलचन्द राणा तथा वृताधिकारी शहर हवासिंह की ओर से विशेष टीम बनाकर बरेली भेजा।
जैदी ने बताया कि गठित टीम के प्रयास व साईवर सैल की मदद से गैंग को ट्रेस कर जगह-जगह दबिश दी जाकर फर्जी दुल्हन बनी शिवानी उर्फ भावना पत्नी वीरेन्द्रसिंह पुत्री नेत्रपाल ठाकुर (26) निवासी शाही पाहडपुर बरेली यू0पी0 व शादी में दुल्हन की फर्जी भाभी का रोल अदा करने वाली कमला पत्नी श्यामविहारी पुत्री परसादीलाल कश्यप (32) निवासी सलहुआ मौहल्ला सर्वोदय नगर थाना सीबीगंज बरेली यू0पी0 को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस गैंग का मुखिया गांव कनकपुर थाना किच्छा जिला बरेली यू0पी0 निवासी संतो है व गैंग के सदस्य दुर्गा, योगेश, राहुल निवासी दिल्ली है। दूसरी फर्जी दुल्हन सीमा (वास्तविक नाम अंजली) पत्नी महेन्द्रपालसिंह निवासी बरेली व अन्य सदस्यों की तलाश हेतु टीम अभी भी बरेली में तलाश हेतु जुटी हुई हैं।
श्री जैदी ने बताया कि गैंग के मुखिया संतो ने पूर्व में भी गांव हथैनी में एक फर्जी शादी कराई थी।
Published on:
23 Nov 2019 01:19 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
