
जालोर वाहन स्वामियों के कहने पर ओवरलोड (अधिक माल लादने) तथा ओवरक्राउड (क्षमता से अधिक सवारियां) वाहन चलाने वाले चालकों की अब खैर नहीं है। परिवहन विभाग की ओर से कार्रवाई में सख्ती बरती जाने लगी है। इसके तहत न केवल वाहनों का चालान कर जुर्माना वसूल किया जा रहा है, बल्कि वाहन चालकों के लाइसेंस भी निलम्बित किए जा रहे हैं। हाल ही में हुई कार्रवाई में जालोर जिला परिवहन विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए 22 चालकों के लाइसेंस निलम्बित कर दिए गए। साथ ही कई और चालकों पर कार्रवाई की जाने प्रस्तावित है। यह कार्रवाई अक्टूबर और नवम्बर में ओवरलोड व ओवरक्राउड पाए गए वाहनों के आधार पर की गई है।
खड़ी हो गई मुश्किल
इस कार्रवाई से उन चालकों पर मार पड़ी है, जो लम्बे समय से वाहन चलाने का ही कार्य कर परिवार का गुजारा कर रहे थे, लेकिन आमजन की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग ने यह कदम उठाया है। ताकि, ओवरलोड या ओवरक्राउड वाहन से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
वाहन मालिकों के विरुद्ध भी उठाया कदम
वाहन चालकों के साथ-साथ वाहन मालिकों पर भी अब परिवहन विभाग ने डंडा चलाना शुरू कर दिया है। इसी कार्रवाई के तहत सात वाहनों के परमिट निरस्त कर दिए। अब इन वाहनों का संचालन अवैध माना जाएगा। साथ ही अन्य सात वाहन स्वामियों और सात वाहन चालकों को भी लाइसेंस निलम्बन की सूचना के नोटिस भेज दिए गए हैं।
प्रदेशभर में नहीं चला पाएंगे वाहन
जिन वाहन चालकों के विरुद्ध लाइसेंस निलम्बन की कार्रवाई की गई है, वे तीन महीने तक प्रदेशभर में किसी भी स्थान पर वाहन नहीं चला पाएंगे। उनके लाइसेंस जब्त कर लिए गए हैं। साथ ही प्रदेशभर के परिवहन कार्यालयों को इसकी प्रतियां भेज दी गई है। ऐसे में डुप्लीकेट लाइसेंस कॉपी पर वाहन चलाते पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
कार्रवाई जारी...
ओवरलोड या ओवरक्राउड वाहन मिलने पर उसके चालक का लाइसेंस निलम्बित किया जाएगा। वाहन स्वामी का भी परमिट निरस्त किया जाएगा। हमने हाल ही में 22 लाइसेंस निलम्बित कर दिए हैं। कइयों को नोटिस भेज रखे हैं। कार्रवाई जारी है। चालकों को भी ओवरलोड वाहन नहीं चलाने की सलाह देते हैं।
नानजीराम गुलसर, जिला परिवहन अधिकारी, जालोर
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.