
जयपुर. जप, तप और ध्यान के लिए खास माने जाने वाले श्वेतांबर जैन समाज के आठ दिवसीय पर्वाधिराज पर्युषण पर्व की शुरुआत मंगलवार से हुई। मंदिरों में चातुर्मास के लिए प्रवासरत मुनियों और साध्वियों के सान्निध्य में पूजा सहित अन्य कार्यक्रम श्रावक-श्राविकाएं की मौजूदगी में शुरू हुए। जैन धर्म का मूलशास्त्र अंतगढ़ सूत्र का स्वाध्याय वाचन, नवकार मंत्र के पाठ, प्रतिक्रमण में युवा वर्ग भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेंगे। जैन श्वेताम्बर तपागच्छ संघ में महापर्व की शुरुआत हुई।
मुनि धर्मानंद विजय ध्रुव म. सा. ने कहा कि पर्युषण कमियों-दुर्गुणों पर विजय पाने तथा तप-साधना का महापर्व है। पर्व में देव पूजा, गुरु पूजा संघ पूजा, साधर्मिक भक्ति और तप करके कल्प सूत्र का श्रवण अवश्य करना चाहिए। चैत्य परिपाटी, सभी साधु साध्वियों के दर्शन वंदन, संवत्सरिक प्रतिक्रमण, परस्पर क्षमापना, अट्ठम तप, यह पांच कर्तव्य भी पर्युषण में करना श्रावक का कर्तव्य है। संघ मंत्री प्रवीण नाहटा ने बताया कि पर्व में रोजाना सुबह 6:45 से घीवालों का रास्ता स्थित सुमतिनाथ जिनालय में सामूहिक स्नात्र महोत्सव होगा। शाम को प्रतिक्रमण पुरुषों का आत्मानंद जैन सभा भवन एवं महिलाओं का आगरा वालों के मंदिर स्थित उपाश्रय में होगा। सुबह बजे से अष्टान्हिका प्रवचन रहेगा तथा दोपहर दो बजे से विभिन्न पूजाएं रहेगी।
- जनता कॉलोनी स्थित सीमंधर स्वामी मंदिर में बहनों के लिए शाम सात बजे से प्रतिक्रमण की व्यवस्था की है। जवाहरनगर स्थित महावीर साधना केंद्र में भी प्रवचन हुए।
- मानसरोवर थड़ी मार्केट स्थित माता पद्मावती सेवा संस्थान में पर्युषण आराधना शुरू हुआ। साध्वी कुसुम प्रभा श्रीजी एवं संयमरत्ना श्रीजी ने प्रवचन में कहा कि समाज और देश से बढ़कर कोई काम नहीं होता है। उन्होंने लोगों को देश और समाज में लोगों के हित के लिए काम करने के लिए सलाह दी। संयोजक विनित सांड ने बताया कि रोजाना सुबह 8.30 बजे प्रवचन, दोपहर में दो बजे धार्मिक प्रतियोगिता, शाम छह बजे प्रतिक्रमण होगा।
- मालवीयनगर अणुविभा केंद्र में शासन गौरव बहुश्रुत परिषद की सदस्य साध्वी कनक श्रीजी आदि ठाणा- 6 साध्वियों के सानिध्य में पर्युषण महापर्व में आराधना की जा रही है। खाद्य संयम दिवस पर साध्वी का विशेष प्रवचन हुआ। मंत्री हितेश भांडिया ने बताया कि रोजाना सुबह नौ बजे से पर्युषण के विशेष प्रवचन होंगे। आठ दिनों का अखंड जाप भी नमस्कार महामंत्र जारी है। शाम 6.30 बजे से प्रतिक्रमण होगा।
- श्यामनगर स्थित भिक्षु साधना केंद्र में साध्वी मंगलप्रभा के सानिध्य में और विद्याधर नगर स्थित तेरापंथ भवन में मुनि तत्वरूचि के सानिध्य में तप, जप और धर्माराधना चल रही है। प्रवचन का समय सुबह नौ बजे से है।
Published on:
13 Sept 2023 12:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
