चलती कार में नकली नोट छापकर लोगों से ठगी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार रात रायला थाना क्षेत्र में अजमेर फोर लेन पर दबोच लिया। दोनों के कब्जे से पांच-पांच सौ रुपए के साढ़े चौदह हजार रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं, जबकि चार हजार रुपए के नकली नोट आरोपियों ने फाड़ दिए।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाने के समीप नाकाबंदी के दौरान अजमेर से नीमच की तरफ जा रही एक लग्जरी कार को रोका गया। कार में प्रिंटर को देख कर उसमें सवार दो जनों से पूछताछ की गई, लेकिन दोनों के संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार की तलाशी ली गई। इस दौरान उनके कब्जे से पांच-पांच सौ रुपए के 14 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद हुए, वहीं चार हजार रुपए के नकली फटे नोट सीट के नीचे बिखरे मिले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है। कार से प्रिंटर व स्कैनर जब्त किया गया। रायला थाने में पूछताछ में आरोपियों ने उज्जैन के महानंदानगर निवासी आलोक (32) तथा यूपी के फैजाबाद निवासी सुरजीत (27) होना बताया। मामले की जांच बाद में कोतवाली पुलिस को सौंपी गई है।