
जयपुर।
राजस्थान में चुनावी वर्ष आने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा जैसे प्रमुख सियासी दलों के नेताओं के बीच 'पावर पॉलिटिक्स' का खेल शुरू हो गया है। नेता अपनी नेतागिरी के ज़रिये अपने पद और कद का रुतबा दिखाने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ रहे हैं। कभी यात्राओं से, कभी अपने बयानों से, तो यहां तक की देव-दर्शन और पोस्टर-होर्डिंग्स तक के माध्यम से राजनीतिक ताकत दिखाई जा रही है।
इसी क्रम में अब नाम सामने आया है गहलोत सरकार में हालिया 'पदोन्नत' राज्यमंत्री जाहिदा खान का। दरअसल, सरकार ने पिछले वर्ष के दिसंबर महीने में ही ज़ाहिदा की विभागीय शक्तियों का इज़ाफ़ा करते हुए उन्हें कई और अधिकार दिए हैं। उसके बाद से उनके समर्थक उनके नाम को लेकर शक्ति प्रदर्शन करने में लगे हैं।
इसी तरह के शक्ति प्रदर्शन का नज़ारा देखने को मिला राजधानी जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में, जहां उनके समर्थकों ने संकुल गेट पर 'कैबिनेट पावर मिलने की शुभकामना’ संदेश का होर्डिंग लगवाया। ये होर्डिंग एक शिक्षक संगठन की ओर से लगाया बताया गया। इसमें ज़ाहिदा की राहुल गांधी के साथ की फोटो भी लगी हुई है।
यह होर्डिंग इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्यूंकि संकुल के मुख्य गेट पर राज्यमंत्री जाहिदा खान की फोटो भी वरिष्ठ मंत्री बीडी. कल्ला के बराबर लगाई गई है। वहीं संकुल में राज्य मंत्री के स्टाफ के लिए कमरों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।
ऐसे बढ़ी है मंत्री ज़ाहिदा की 'पावर'
भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान से निकलने के बाद शिक्षा विभाग में यह बड़ा परिवर्तन देखने को मिला था। संख्या के लिहाज से विभाग में कैबिनेट मंत्री बीडी कल्ला से अधिक अधिकार राज्यमंत्री जाहिदा को दिए गए थे। कल्ला के पास जहां शिक्षा विभाग में 14 कार्यों के अधिकार हैं वहीं जाहिदा के पास 71 कार्यों के अधिकार दिए गए। इनके अलावा 48 कार्य ऐसे हैं, जो दोनों के पास हैं। यह बात अलग है कि जाहिदा को दर्जा राज्य मंत्री का ही है। इस कारण समग्र शिक्षा को छोड़कर अन्य सभी कार्यों की फाइल जाहिदा की मंजूरी के बाद भी कल्ला के पास जाएंगी।
पीआरओ का कमरा खाली कराया
राज्यमंत्री जाहिदा के स्टाफ में भी बढ़ोतरी हुई है। हाल ही स्टाफ के लिए प्रशासनिक ब्लॉक स्थित पीआरओ का कमरा भी खाली करा लिया गया है, पीआरओ को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
मैंने होर्डिंग नहीं देखे
मैंने होर्डिंग नहीं देखे हैं। मैं पीछे के गेट से आती हूं। ऐसे होर्डिंग लगे हैं तो कल ही हटवाए जाएंगे।- जाहिदा खान, राज्यमंत्री
मेरी जानकारी में नहीं
होर्डिंग की जानकारी नहीं है। जाहिदा को अधिकार देने के लिए मैंने ही कार्य बांटे हैं। वे कई दिनों से मांग कर रही थी। -बीडी कल्ला, शिक्षामंत्री
Published on:
19 Jan 2023 11:15 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
