पुलिस पर भले ही कुछ लोग बेपरवाही की तोहमत लगाते हाे लेकिन राजस्थान पुलिस की नफरी में जाबांज पुलिस वालो की कमी नही है। एेसे ही एक जाबांज सिपाही को पुलिस महानिदेशक मनोज भटट ने विशेष पदोन्नति का तोहफा दिया है।
पुलिस महानिदेशक भटट ने अलवर जिले के पुलिस कानिस्टेबल दुर्गा प्रसाद बैच नं0 1116 को हैड कानिस्टेबल के पद पर विशेष पदोन्नति की अनुशंसा पर मुहर लगा दी है।

पुलिस विभाग के अनुसार इसी साल 28 मार्च को रात्रि में मालाखेडा क्षेत्र में वाहनों की चैकिंग हेतु नाकाबन्दी चल रही थी। देर रात्रि में राजगढ की ओर से आने वाली एक कार को रूकने का इशारा करने पर कार का ड्राईवर कट मारता हुआ भगा ले गया इस पर पुलिस जाब्ते ने गाड़ी का पीछा कर कलसाड़ा बाग के पास रोका तो आकाश सिंह नाम के व्यक्ति ने पिस्टल से पुलिस जाब्ते पर फायरिंग शुरू कर दी जिससे एक गोली कानिस्टेबल दुर्गाप्रसाद के पेट में लगी।

गोली लगने के बाद भी कानिस्टेबल दुर्गाप्रसाद ने अदम्य साहस आैर बहादुरी का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किये बिना आकाश सिंह पर झपट्टा मारकर पिस्टल को छीन लिया आैर उसके साथ गुत्थमगुत्था हो गया।
इस दौरान कार में सवार एक अन्य मुल्जिम कमल के कब्जे से एक देसी पिस्टल लोडेड जब्त किया गया।
अदम्य साहस का परिचय देते हुए बहादुरी पूर्ण अपनी डयूटी को अंजाम देने के पुरस्कार के रूप में सिपाही दुर्गाप्रसाद को पुलिस महकमे ने पदोन्नति का तोहफा दिया है।