
Sarkari Naukri in Rajasthan: जयपुर। राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से आगामी तीन माह अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होने जा रहे हैं। राज्य सरकार के अधीन राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) की ओर से जुलाई से सितंबर 2025 के मध्य पांच बड़ी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पटवारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, कांस्टेबल, वरिष्ठ अध्यापक और ग्राम विकास अधिकारी जैसी बड़ी और चर्चित भर्तियाँ शामिल हैं, जिनमें लाखों युवा अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रशासन भी इन परीक्षाओं को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटा है। यहां हम इन सभी पांच प्रमुख परीक्षाओं की संपूर्ण जानकारी विस्तार से प्रस्तुत कर रहे हैं।
राजस्थान की यह एक बड़ी परीक्षाओं में मानी जाती है। इसके आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। परीक्षा आगामी 17 अगस्त को होगी। पटवारी भर्ती परीक्षा में रिकॉर्ड आवेदन 6.78 लाख जमा हुए हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा 2025 को लेकर प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पहले यह संख्या 6,43,639 थी, लेकिन हाल ही में आवेदन प्रक्रिया के रीओपन होने के बाद 35,000 नए आवेदन और जुड़ गए हैं। वहीं, बोर्ड ने हाल ही में उन अभ्यर्थियों को आवेदन वापसी का विकल्प भी दिया था, जो परीक्षा नहीं देना चाहते या पात्र नहीं हैं। इस पहल के बाद अब तक 2,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन वापस ले लिए हैं।
इस परीक्षा का आयोजन आगामी 17 अगस्त को किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3,705 पटवारी पदों पर नियुक्ति होनी है। ऐसे में हर एक पद के लिए औसतन 183 अभ्यर्थी मैदान में होंगे।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से ही दूसरी बड़ी परीक्षा राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा है। यह भर्ती परीक्षा 19 से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से होगी। इसकी आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें कुल पद 53,749 हैं। कुल आवेदन लगभग 22 लाख जमा हुए हैं। परीक्षा केंद्र राजस्थान में विभिन्न स्थानों पर बनाए जाएंगे।
राजस्थान पुलिस विभाग की ओर से इस भर्ती के लिए एग्जाम डेट की घोषणा कर दी गई है। इस भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन 13 एवं 14 सितंबर 2025 को राज्य में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर करवाया जाएगा। जबकि पहले यह परीक्षा 19 व 20 जुलाई को प्रस्तावित थी।
यह परीक्षा 10 हजार पदों के लिए होगी। आपको बता दें कि पहले यह भर्ती कुल 9617 पदों को भरने के लिए निकाली गई थी। इसके बाद इसमें राज्य के 11 जिलों में 383 नए पदों को को जोड़ा गया था। जिसके बाद अब कुल 10,000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के एडीजी विपिन कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि इस परीक्षा में लगभग 5.25 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे। इनमें से सामान्य ड्यूटी, ड्राइवर और आरएसी पदों के लिए 4.25 लाख अभ्यर्थी तथा आईटी पदों के लिए 1 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
यह परीक्षा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। राजस्थान पुलिस विभाग ने 25 मई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। भर्ती प्रक्रिया के तहत 10,000 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें कांस्टेबल सामान्य, चालक, बैंड और पुलिस दूरसंचार जैसे पद शामिल हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती 2024 की लिखित परीक्षा 7 से 12 सितंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राजस्थान के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आयोग सचिव ने बताया कि उक्त भर्ती परीक्षा 7 से 12 सितंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए अब तक 11.87 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं,
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके आवेदन की प्रक्रिया 19 जून से शुरू हो गई है। आगामी 18 जुलाई तक आवेदन भरे जाएंगे। इसके लिए योग्यता सीईटी पास जरुरी है। परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त को किया जाएगा। परीक्षा का सिलेबस जारी कर दिया गया है। यह परीक्षा 850 पदों पर की जाएगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की सूचना के अनुसार अब तक इस परीक्षा के लिए करीब दो लाख से अधिक आवेदन जमा हो चुके हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
15 Jul 2025, 1:51 PM IST
Published on:
15 Jul 2025, 1:47 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




