
जयपुर। सरकारी कार्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती के लिए अब न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास होना जरूरी है। पहले यह योग्यता पांचवी और आठवीं थीं। कार्मिक विभाग ने भर्ती नियमों में संशोधन करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अब सीधी भर्ती की बजाए लिखित परीक्षा के आधार पर होगी। उसके लिए कर्मचारी चयन बोर्ड को अधिकृत किया गया है। भर्ती परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान और गणित से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। दो घंटे की भर्ती परीक्षा होगी। पिछले माह 29 सितंबर को कैबिनेट की बैठक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती के लिए दसवीं पास होने की योग्यता को मंजूरी दी गई थी। साथ ही सरकार ने 60 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की थी।
अगले वर्ष सितम्बर या नवम्बर में होगी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती
राजस्थान में अगले साल 60-65 हजार से अधिक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व ड्राइवर की भी भर्ती होने वाली है। इसकी सूचना पहले ही दी जा चुकी है। इनकी परीक्षा की संभावित तिथि भी जारी हो चुकी है। पहली बार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व ड्राइवर्स की भी लिखित परीक्षा होगी। यह लिखित परीक्षा अगले वर्ष यानी वर्ष 2025 में सितम्बर व नवम्बर माह में आयोजित की जाएगी।
पिछले माह मंत्रिमण्डल बैठक के बाद बताया गया था कि अब राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व ड्राइवरों की भर्ती भी लिखित परीक्षा से की जाएगी। इसके बाद से भर्ती को लेकर सरकार ने भी कवायद तेज कर दी है।
परीक्षा कैलेण्डर में किया इसका उल्लेख
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 70 परीक्षाओं का कैलेण्डर जारी किया। इसमें दो परीक्षाओं की डेट तो रिजर्व रख दी, लेकिन इसमें कौनसी परीक्षा होगी,इसका उल्लेख नहीं किया गया है। लेकिन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने स्पष्ट किया है कि इन दो रिजर्व डेट पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व ड्राइवर्स की भर्ती परीक्षा कराई जाएगी।
ये दो तारीखें रखी रिजर्व
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा कैलेण्डर में 18 सितम्बर से 21 सितम्बर 2025 और 22 व 23 नवम्बर 2025 को परीक्षाओं के लिए रिजर्व डेट के लिए रखा है। इन डेट्स पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व ड्राइवर्स की भर्ती होगी। इसमें सितम्बर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती होने की अधिक उम्मीद है।
डिटेल्स जल्द होगी जारी
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है कि " कैलेंडर में जो सीरियल 62 और 64 पर हमने जो बोर्ड की रिजर्व डेट्स रखीं हैं वो राज्य सरकार के द्वारा अनाउंस की गई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और ड्राइवर्स के पदों की परीक्षाओं के लिए हैं। लगभग 60 - 65 हजार पदों के लिए, वक्त आने पर डिटेल्स जारी करेंगे।"
29 सितम्बर की केबिनेट में लिया था यह फैसला
भर्तियों में पारदर्शिता और एकरूपता लाने के लिए चतुर्थ श्रेणी सेवा एवं समकक्ष पदों की शैक्षणिक योग्यता 5वीं एवं 8वीं कक्षा उत्तीर्ण से बढ़ाकर 10वीं की गई है। भर्ती कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से लिखित परीक्षा के माध्यम से कराई जाएगी। वाहन चालक के पद पर भर्ती की शैक्षणिक योग्यता भी 8वीं कक्षा उत्तीर्ण से बढ़ा कर 10वीं की गई है। वाहन चालक के पदों की भर्ती भी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा के माध्यम से करवाई जाएगी। वर्तमान में विभिन्न विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लगभग 60 हजार पद रिक्त हैं, जिन पर भविष्य में भर्ती की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अफसर बनने की होड़, एक सीट के लिए अब तक 700 आवेदक
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
19 Oct 2024, 2:18 PM IST
Published on:
19 Oct 2024, 2:17 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




