जयपुर। दिवाली के त्योहार पर शहर में चौपट सफाई व्यवस्था, कॉलोनियों में अंधेरा रहने के साथ सड़क मरम्मत जैसे काम नहीं होने को लेकर जनता के साथ पार्षदों में आक्रोश है। इसे लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने आज दोपहर में ग्रेटर नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। कांग्रेसी पार्षद एकजुट होकर दोपहर में निगम मुख्यालय पहुंचेंगे और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पार्षद रामधुनी करने लग गए और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्षदों को देख निगम सतर्कता दस्ते ने मुख्य द्वार बंद कर दिया। इसके बाद पार्षद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। करीब एक घंटे तक नारेबाजी करने के बाद निगम आयुक्त बाबूलाल गोयल मुख्य द्वार पर आए और पार्षदों से ज्ञापन लिया। आयुक्त ने समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेसी पार्षदों ने अपना धरना खत्म किया। निगम ग्रेटर के नेता प्रतिपक्ष राजीव चौधरी ने बताया कि राजधानी में रहने वाले लोगों को ही मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। दिवाली का त्योहार आ गया है, लेकिन कॉलोनियों में लाइटें नहीं लगी है। जो लाइटें लगी है, वे भी बंद पड़ी है। निगम प्रशासन लाइटों की मेंटिनेंस भी नहीं करा पा रहा है। सफाई व्यवस्था चौपट हो चुकी है। सड़कों पर जगह—जगह कचरे के ढेर लगे हुए है। सांगानेर और मानसरोवर जोन की बात करें तो यहां 2 हजार से अधिक कचराडिपो बन गए है। हूपर भी समय पर नहीं आ रहे है।
बीजेपी के पार्षद भी दे चुके धरने की चेतावनी
ग्रेटर नगर निगम के दो दिन पहले ही भाजपा के पार्षद भी रोड लाइटें बंद होने और सफाई व्यवस्था बिगड़ने को लेकर निगम आयुक्त का घेराव कर चुके है। विद्युत समिति चेयरमैन रश्मि सैनी के नेतृत्व में विद्याधर नगर जोन क्षेत्र के पार्षद एकजुट होकर निगम आयुक्त बाबूलाल गोयल से मिले और वार्डों में लाइटें नहीं लगने और मेंटिनेंस नहीं होने की शिकायत की, इस दौरान पार्षदों ने नाराजगी भी जताई। तब पार्षदों ने दिवाली से पहले लाइटें ठीक नहीं होने पर धरने की चेतावनी भी दी।