जयपुर। होली से एक दिन पहले गुलाबी नगरी का आसमान सतरंगी हो गया। राजस्थान पत्रिका के 70वें स्थापना दिवस और राजस्थान पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूरचंद्र कुलिश जी की जयंती के उपलक्ष में आयोजित गुलाल आतिशबाजी कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से शुरू हुआ। इस दौरान जयपुर वासियों में होली का खुमार देखने लायक था। संगीत और होली के रंगों के साथ लोगों में ऐसी मस्ती छाई कि सभी के चेहरे खिल उठे। एक के बाद एक तोपों से बरसने वाली गुलाल ने वहां मौजूद हर एक पर होली की छाप छोड़ दी। न केवल कार्यक्रम में मौजूद लोग, बल्कि आस-पास से गुजरने वाले भी रुक कर झूमने पर मजबूर हो गए। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा हर उम्र के लोग गुलाल आतिशबाजी के इस कार्यक्रम में शामिल हुए। विदेशी पर्यटकों ने भी खूब लुत्फ उठाया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी लोग इस आयोजन की चर्चा कर रोमांचित होते रहे।
यह भी पढ़ें: Holi 2025: भक्तगण ध्यान दें! अगर आपको भी है ये बीमारी तो गोविंददेवजी मंदिर में मिलेगी नो एंट्री!