जेकेके के रंगायन सभागार में हुआ मंचन
जयपुर। डेल्फिक कौंसिल ऑफ राजस्थान की ओर से शनिवार को जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में ‘गेम ऑफ डाइस फ्रॉम’ महाभारत नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। नाटक के जरिए महिला शक्ति की अभियक्ति की गई।
संतोष नायर द्वारा निर्देशित मंचित इस नृत्य नाटिका ने परंपराओं में निहित महिला सशक्तिकरण का अनुपम चित्रण किया। नाटिका को महाकाव्य महाभारत की प्रमुख चरित्र द्रोपदी को मध्य में रखकर प्रस्तुत किया गया। यद्धपि इस नृत्य नाटिका में घटनाक्रम महाभारत से लिया गया है लेकिन इस नृत्य नाटिका के माध्यम से नारी के प्रति अनादर और अत्याचारों पर समाज की उदासीनता पर आक्रोश को दर्शाया गया। महाभारत काल से लेकर अब तक समय बहुत गुजर गया लेकिन आज भी महिलाओं के प्रति समाज की धारणा में बहुत अंतर नहीं आया इसीलिए इस प्रसंग और नृत्य नाटिका की प्रासांगिकता हर काल में बनी रहती है। संतोष नायर ने इसको शास्त्रीय नृत्य मयूरभंज छाऊ पर तैयार किया था जिसमें दर्शकों को शारीरिक करतब के साथ साथ अद्भुत नृत्य और अभिनय के साथ साथ प्रभावी पाŸव संगीत के साथ साथ स्टेज लाइट्स का मनोरम प्रयोग दिखा। डेल्फिक कौंसिल ऑफ राजस्थान ने इस कार्यक्रम को क्यूरेट किया। इस अवसर पर महिला अधिकारिता की प्रमुख शासन सचिव उषा शर्मा और निदेशक रश्मि गुप्ता, महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि और आमजन उपस्थित रहे।