युवक तबीयत बिगड़ी तो कैब कर सबको हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, 5 माह के बेटे व पत्नी की मौत, युवक व बेटी की हालत गंभीर
जयपुर. प्रताप नगर सेक्टर 26 में किराए से रहने वाले एक युवक ने कर्जे से परेशान होकर रविवार सुबह हलवे में जहर मिलाकर पत्नी, बेटे व बेटी को खिला दिया। युवक ने खुद ने भी जहर खा लिया। तबीयत बिगडऩे पर युवक ने कैब बुक करवाई और सभी को महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां पर चिकित्सकों ने पांच माह के बेटे को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान युवक की पत्नी की भी मौत हो गई। वहीं युवक को गंभीर हालत होने पर एसएमएस अस्पताल व पांच वर्षीय बेटी को जेके लोन हॉस्पिटल रैफर किया गया। बेटी की तबीयत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव और प्रताप नगर थानाधिकारी जहीर अब्बास मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई ने बहन के ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताडऩा का मामला प्रताप नगर थाने में दर्ज करवाया है। डीसीपी यादव ने बताया कि घटना में प्रताप नगर सेक्टर 26 निवासी साक्षी शर्मा व उसके बेटे अर्थव की मौत हो गई। जबकि साक्षी के पति मनोज शर्मा व बेटी निया का इलाज चल रहा है। तीन माह पहले ही मनोज सेक्टर 26 में परिवार सहित रहने आया था। पुलिस मां-बेटे का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाएगी।
कर्जे से था परेशान, परिवार से रहता था अलग
पुलिस व साक्षी के भाई शुभम ने बताया कि बहन की करीब 6 वर्ष पहले शादी हुई थी। जीजा मनोज शर्मा निजी कंपनी में काम करता था। बहन ससुर दिनेश चंद शर्मा आर्मी में अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हैं और उनका घर मानसरोवर स्थित कृष्णा सरोवर में है। ससुराल पक्ष ने बहन पर चोरी का आरोप लगा दिया था। इसके बाद से बहन व जीजा अलग किराए से रह रहे थे। जीजा का अपने परिवार से विवाद चल रहा था। परिजन भी रुपए उधार दिए थे। इसके अलावा मनोज ने बैंक व फाइनेंस कंपनी से भी उधार कर रखा था। उधार रुपए देने वाले परेशान कर रहे थे।
बेटे की डिलेवरी भरतपुर करवाई
शुभम ने बताया कि बहन को ससुराल वाले प्रताडि़त करते थे। एक बार जीजा ने तीन चार लाख रुपए कर्जे के उन्होंने उतार दिए थे। इसके बाद फिर जीजा ने कर्जा कर लिया। पांच माह पहले बहन की डिलेवरी भी उन्होंने भरतपुर में करवाई थी। जीजा के परिवारिक झगड़े और कर्जे ंने उनकी बहन और मासूम की जान ले ली।