Green Valley Jaipur: दिल्ली रोड के बाद अब आगरा रोड पर भी ग्रीन वैली नजर आएगी। हेरिटेज नगर निगम आगरा रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबी ग्रीन वैली विकसित कर रहा है।
Green Valley Jaipur: जयपुर। दिल्ली रोड के बाद अब आगरा रोड पर भी ग्रीन वैली नजर आएगी। हेरिटेज नगर निगम आगरा रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबी ग्रीन वैली विकसित कर रहा है। इसके लिए बाउंड्रीवॉल और रैलिंग लगाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही घाट की गूणी सुरंग से निकलते ही आगरा रोड पर प्रतापनगर से पोल्ट्री फार्म तक लोगों को हरियाली देखने को मिलेगी।
आदर्शनगर जाेन क्षेत्र के वार्ड 99 में आगरा रोड पर 10 से 13 मीटर चौड़ी और एक किलोमीटर लंबी ग्रीन वैली विकसित की जा रही है। अभी इसका सिविल का काम चल रहा है, इस पर नगर निगम करीब 45 लाख रुपए खर्च कर रहा है। प्रथम फेज में यह ग्रीन वैली प्रतापनगर से पोल्ट्री फार्म तक करीब एक किलोमीटर तक बनाई जा रही है। इसके बाद इसे जामडोली तक विकसित करने की तैयारी है।
अतिक्रमण रोकने की कवायद
निगम अधिकारियों की मानें तो सरकारी बेशकीमती जमीन पर अतिक्रमण रोकने के साथ ग्रीन बेल्ट में ग्रीनरी करने के लिए आगरा रोड पर भी ग्रीन वैली विकसित की जा रही है। इससे आगरा रोड पर ग्रीन वैली से सौंदर्य होने के साथ अतिक्रमण रूकेगा।
अभी ये हो रहा काम
आगरा रोड पर विकसित की जा रही ग्रीन वैली का अभी सिविल वर्क किया जा रहा है, इसमें दो से तीन फीट उंची बाउंड्री वाल बनाने के साथ उस पर स्ट्रेक्चर स्टील की रैलिंग लगाई जा रही है। इसके बाद इस पर रंग—रोगन किया जाएगा। सिविल वर्क पूरा होने के गाद गार्डन शाखा की ओर से यहां हरियाली विकसित की जाएगी।