जयपुर। किस्त नहीं चुकाने पर घर में घुसकर महिला से अभद्रता करने और बकरी ले जाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरत हो रहा है। जिसे राजस्थान पुलिस की हैल्प डेस्क ने भी रीट्वीट कर जानकारी साझा करने की बात कही है।
वायरल वीडियो ग्राम पंचायत पाडलिया तहसील सुहागपुरा थाना सुहागपुरा जिला प्रतापगढ़ का बताया जा रहा है। जिसमें एक आदमी घर में घुसकर महिला को धमका रहा है और वहां बंधी बकरी को ले जा रहा है। वीडियो में वह बोल रहा है कि किस्त के तीन हजार रुपए बाकि है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर विजेश भील ने ट्वीट किया है। जिसमें वीडियो साझा करते हुए विजेश ने लिखा बाइक की बकाया किस्त के लिए किसी के घर में घुस कर धमकियां देना ठीक बात नहीं है।
इस वीडियो को अब तक दो हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। वहीं राजस्थान पुलिस की हैल्प डेस्क ने भी इसे रीट्वीट करके संबंधित थाने और क्षेत्र की जानकारी मांगी है। जिस पर विजेश ने जवाब देते हुए घटना ग्राम पंचायत पाडलिया तहसील सुहागपुरा थाना सुहागपुरा जिला प्रतापगढ़ की बताई है।