
वुशु प्लेयर रोहित जांगिड़ एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भारत का नाम रोशन करने की उम्मीदों के साथ उतरेगा। जयपुर के रोहित 24 से 27 जून तक जॉर्जिया में आयोजित होने वाली 9वीं अंतर्राष्ट्रीय वुशु चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। 23 वर्षीय रोहित इस महाकुंभ में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य को लेकर इन दिनों दिन-रात कड़ी मेहनत से प्रेक्टिस में जुटे हुए हैं।
रोहित जांगिड़ ने जॉर्जिया में आयोजित होने वाली वुशु चैम्पियनशिप और इसे लेकर खुद की तैयारी के सिलसिले में राजस्थान पत्रिका डॉट कॉम से ख़ास बातचीत की। रोहित ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में चुनौती हर बार की तरह इस बार भी बेहद कड़ी होने वाली है। इसमें कई अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वुशु प्लेयर्स एक-दूसरे को चुनौती देंगे।
रोहित ने बताया कि वे 20 सदस्यीय भारतीय वुशु दल के साथ 21 जून को जॉर्जिया के लिए रवाना होंगे। इस दल में 16 खिलाड़ी, 2 कोच और 2 फिजिशियन भी शामिल हैं।
जयपुर में रामगढ़ मोड़ पर रहने वाले रोहित जांगिड़ ने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे इस चैम्पियनशिप में खुद की कड़ी मेहनत की बदौलत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत की झोली में स्वर्ण पदक ज़रूर डालेंगे। उन्होंने जयपुर सहित राजस्थान के तमाम लोगों से उन्हें सपोर्ट करने और उनकी जीत के लिए कामना करने की अपील की है।
चौथी बार बढ़ाएंगे देश का गौरव
ये कोई पहली बार नहीं है जब जयपुर के रोहित जांगिड़ वुशु चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले भी वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चैम्पियनशिप में अपने शानदार खेल की बदौलत कई बार भारत की झोली में मेडल डाल चुके हैं। पिछले साल ही उन्होंने होंगकोंग में संपन्न हुई अंतर्राष्ट्रीय वुशु चैम्पियनशिप में ब्रॉन्स मैडल जीता था। इससे पहले वे 2012 में नेपाल में ब्रॉन्स और 2013 में थाईलैंड में सिल्वर मैडल जीत चुके हैं।
बुरे दिन से गुजरने के बाद किया कमबैक
रोहित के शानदार करियर के बीच एक ऐसा दौर आया था जब उन्होंने इस खेल में आगे कुछ भी नहीं करने की मन में ठान ली थी। रोहित बताते हैं कि नेपाल में एक चैम्पियनशिप के दौरान उनको इंजरी हो गई थी और वे फाइट हार गए थे। इसके बाद उन्होंने कभी आगे नहीं खेलने का मन बना लिया था। लेकिन इस दौरान भारतीय वुशु कोच राजेश टेलर ने उनकी हौंसला अफ़ज़ाई की और उन्हें टूटने नहीं देने के लिए प्रेरित किया। आखिर में रोहित ने कमबैक किया और एक के बाद एक प्रतियोगिताएं जीतीं।
करियर की चुनौतियों-असफलता-कमबैक का सफर मोटिवेशनल वीडियो में
रोहित जांगीड़ ने यूथ में कभी ना हार मानने वाली स्पिरिट को जगाने के लिए एक मोटिवेशनल वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड किया है। इस वीडियो में उनके करियर में आये उतार-चढ़ाव को दर्शाया गया है। रोहित का कहना है कि इस वीडियो को युवाओं में हिम्मत जगाने और अपने लक्ष्य के लिए जुट जाने के लिए प्रेरित करने की उम्मीद से बनाया गया है।
यहां देखें रोहित का मोटिवेशनल वीडियो
Published on:
19 Jun 2016 02:44 pm
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
