
सफाई कर्मचारियों की भर्ती में जयपुर की लग सकती है लॉटरी
जयपुर। राजस्थान सरकार ने बजट में प्रदेशभर के निकायों में दो साल में 30 हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती की घोषणा की है। स्वायत्त शासन निदेशालय ने पिछले दिनों प्रदेश की सभी नगरीय निकायों (नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम) को एक पत्र लिखा है, जिसमें सफाई कर्मचारियों के खाली और स्वीकृत पदों की संख्या के बारे में जानकारी मांगी थी। कुछ निकायों ने जानकारी भेजी भी है।
इस भर्ती में सबसे ज्यादा कर्मचारी जयपुर को मिलने वाले हैं। वैसे तो जयपुर में स्वीकृत पदों पर नजर डाली जाए तो करीब 4500 पद खाली पड़े हैं। जयपुर में दो नगर निगम ग्रेटर और हैरिटेज हैं। इन दोनों निगमों में कुल 12,100 सफाई कर्मचारी के पद स्वीकृत है, जबकि इन पदों के मुकाबले 7600 ही कर्मचारी काम कर रहे हैं। ऐसे में सभी पदों पर भर्ती होती है तो जयपुर को 4 हजार से ज्यादा कर्मचारी मिलेंगे।
16 हजार कर्मचारियों की जरूरत
जयपुर शहर की आबादी 40 लाख से ज्यादा है। ऐसे में यहां 16 हजार सफाई कर्मचारियों की जरूरत है। जयपुर का क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सफाई कर्मचारियों पर काम का दबाव ज्यादा है। संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ कई बार पद बढ़ाने की मांग कर चुका है। लेकिन अभी तक पद नहीं बढ़ाए गए हैं।
निकायों से यह मांगी है जानकारी
डीएलबी की ओर से नगरीय निकायों के आयुक्त, अधिशासी अधिकारी से नगरीय निकाय में सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत पद, कार्यरत कर्मचारी, रिक्त पद, संविदा अथवा दैनिक वेतन पर कार्यरत सफाई कर्मचारी, ठेकेदार के माध्यम से लगे कार्मिक, कुल नियोजित सफाई कर्मचारियों की संख्या और वित्तीय भार की जानकारी मांगी गई है। इसके लिए एक परफोर्मा भेजा गया है।
Published on:
04 Mar 2023 12:32 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
