
Jaipur metro Corona
जयपुर। प्रदेश में कोरोना वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ 50 लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद आज सुबह जयपुर मेट्रो फेज—1बी के बड़ी चौपड़ भूमिगत मेट्रो स्टेशन पर मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ती नजर आई। मेट्रो प्रशासन ने रेलवे सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण शुरू होने से पहले 100 से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा कर ली। इससे राज्य सरकार के आदेशों की अवहेलना हुई। इस दौरान जयपुर मेट्रो सीएमडी समित शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी वहां मौजूद थे।
जयपुर मेट्रो प्रशासन ने बताया कि रेलवे सेफ्टी कमिश्नर के इंस्पेक्शन से पहले सुरक्षा आयुक्त और उनके साथ जाने वाले लोगों की स्वास्थय जांच की गई। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए निरीक्षण में शामिल होने वाले लोगों के शरीर का तापमान लेजर की मदद से मापा गया। तापमान सामान्य पाए जाने पर ही बड़ी चौपड़ भूमिगत मेट्रो स्टेशन में प्रवेश दिया गया। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के दौरान सीमित लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। जिन लोगों का निरीक्षण में शामिल होना जरूरी है, उन्हें ही पास के जरिए प्रवेश दिया गया है। लेकिन सेफ्टी इंस्पेशन को लेकर आज सुबह से ही बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पर जयपुर मेट्रो के अधिकारी—कर्मचारी जुटना शुरू हो गए। इसके कारण बड़ी चौपड़ पर 100 से ज्यादा लोग जमा हो गए।
जांचेंगे पूरा मेट्रो सिस्टम
जानकारी के अनुसार सेफ्टी कमिश्नर आज और कल दो दिन तक चांदपोल से बड़ी चौपड़ तक भूमिगत मेट्रो ट्रेन का तय मानकों के अनुरूप निरीक्षण कर रहे हैं। इसमें भूमिगत मेट्रो की स्पीड को परखा जाएगा। चांदपोल से बड़ी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो की स्पीड लिमिट 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी या 80 किलोमीटर प्रति घंटा ये निरीक्षण के बाद ही तय हो पाएगा। जयपुर मेट्रो के ब्रेक्रिंग सिस्टम, सिग्नल सिस्टम, सिक्योरिटी सिस्टम, आॅटोमैटिक डोर क्लोजिंग एंड ओपनिंग, जयपुर मेट्रो में यात्रियों को सूचना देने वाले कम्यूनिकेशन सिस्टम और रेलवे ट्रेक की सुरक्षा समेत अन्य बिन्दुओं का परीक्षण करेंगे।
कल दोपहर तक ही चलेगी मेट्रो
जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के चलते कल मानसरोवर से चांदपोल तक आधे दिन ही मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा। कल सुबह मेट्रो का संचालन तय समय पर होगा। मानसरोवर से कल अंतिम मेट्रो ट्रेन दोपहर 1:20 बजे मिलेगी, तो चांदपोल से मानसरोवर के लिए आखिरी ट्रेन 1:46 बजे चलेगी। इसके बाद जयपुर मेट्रो को मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक मेट्रो ट्रेन को ट्रायल रन पर चलाया जाएगा। रेलवे सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण पूरा होने के बाद ट्रायल में जयपुर मेट्रो की कार्यक्षमता का परीक्षण होगा। इसके बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त सेफ्टी क्लीयरेंस देंगे। सुरक्षा प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही चांदपोल से बड़ी चौपड़ के बीच जयपुर मेट्रो का संचालन शुरू हो पाएगा।
Published on:
17 Mar 2020, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.