
ग्रेटर नगर निगम: हटेंगे अवैध होर्डिंग और पोस्टर, एफआइआर भी दर्ज कराएंगे
जयपुर. ग्रेटर नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध होर्डिंग लगाने और पोस्टर चिपकाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 13 जून से 9 जुलाई तक महाअभियान चलाया जाएगा। आयुक्त महेंद्र सोनी ने गुरुवार को इस आशय के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें जोन उपायुक्तों को अभियान चलाने और टीम गठित करने की जिम्मेदारी दी है। सरकारी सम्पत्ति पर पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। आयुक्त सोनी ने बताया कि निगम की जो वैध साइट हैं, उनकी सूची जोन कार्यालयों में भेज दी गई हैं। कार्रवाई प्रभावी हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
राजस्थान पत्रिका ने अवैध होर्डिंग और इससे हो रहे राजस्व के नुकसान की खबरें प्रकाशित की थीं। इसमें बताया था कि लोगों ने मनमर्जी से होर्डिंग साइट तैयार कर लिए। इनसे निगम को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। साथ ही शहर की खूबसूरती पर धब्बा लगा रहे हैं।
ये होगा
-सड़कों, चौराहों, फुटपाथ पर लोहे के एंगल पर लगे होर्डिंग को कटवाकर निगम जब्त कर लेगा।
-कॉलोनी के मुख्य द्वार पर लगे होर्डिंग हटवाए जाएंगे और संबंधित कंपनियों से जुर्माना राशि वसूल की जाएगी।
-मोबाइल चल विज्ञापन वाहन से शुल्क वसूली, अवैध वाहनों से कैरिंग चार्ज वसूल किया जाएगा।
कार्रवाई की रूपरेखा
जोन दिन
मालवीय नगर और जगतपुरा सोमवार और मंगलवार
झोटवाड़ा बुधवार और गुरुवार
विद्याधर नगर शुक्रवार
मुरलीपुरा शनिवार
मानसरोवर शुक्रवार और शनिवार
हमारा उद्देश्य शहर को सुंदर बनाने का है। अवैध होर्डिंग शहर को बदरंग कर रहे हैं। पोस्टर और होर्डिंग लगाकर सुंदरता को खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान इसी वजह से शुरू किया गया है।
—सौम्या गुर्जर, महापौर, ग्रेटर निगम
Published on:
10 Jun 2022 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
