
अल्फा, बीटा, चार्ली की सुनाई देगी गूंज
शहर में बीसलपुर पानी की सप्लाई शुरू होने पर करीब दर्जन पंप हाउसों में लगवाए थे वायरलेस सेट, अब धूल फांक रहे हैं सेट
उपयोग की बजाय स्टोर की अलमारियों में बंद पड़े हैं सेट
विभाग वायरलेस सेट की उपयोगिता को लेकर तैयार कर रहा है रिपोर्ट
जयपुर। शहर में जलदाय विभाग के पंप हाउसों में धूल फांक रहे वायरलेस सेट जल्द ही वापस उपयोग में लेने की संभावना विभाग तलाश रहा है। करीब दस साल पहले शहर में बनास जल की सप्लाई शुरू होने के दौरान लाखों रुपए खर्च कर लगवाए वायरलेस सेट नाकारा साबित हुए। वहीं उपयोग नहीं होने पर अब कबाड़ हो रहे हैं।
सिटी सर्कल कार्यालय वायरलेस सेटों के उपयोग को लेकर जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर रहा है। मालूम हो 2009 में जयपुर शहर में बीसलपुर बांध के पानी की आपूर्ति शुरू होने पर आरयूआइडीपी ने करीब 80 लाख रुपए खर्च कर शहर के करीब दो दर्जन पंप हाउसों में वायरलेस सेट लगवाए थे। जलदाय चौकियों के अलावा जलदाय अभियंताओं को वॉकी—टॉकी देने की भी योजना थी, लेकिन अफसरों की बेरुखी के चलते वायरलेस सेटों का उपयोग एक दिन भी नहीं हुआ और तब से लेकर आज तक वायरलेस सेट जलदाय चौकियों व पंप हाउसों में धूल फांक रहे हैं।
मामले में जब अभियंताओं से जानकारी ली तो कुछ ने तो वायरलेस सेट लगे होने से ही साफ इंकार कर दिया। विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता जयपुर रीजन द्वितीय कार्यालय परिसर स्थित पंप हाउस में लगे वायरलेस सेट को तो कर्मचारियों ने पंप हाउस से हटाकर स्टोर रूम की अलमारी में बंद कर दिया है। हालांकि सिटी सर्कल साउथ प्रथम अधिशाषी अभियंता ने वायरलेस सेटों की वर्तमान वस्तु स्थिति और उनके उपयोग को लेकर अभियंताओं से रिपोर्ट मंगवाने की बात कही है।
इनका कहना है—
वायरलेस सेटों की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है रिपोर्ट मिलने के बाद इन सेटों का क्या उपयोग हो सकता है इस बारे में आलाधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
—जेएसडी कटारा, अधिशाषी अभियंता साउथ प्रथम, जलदाय विभाग

Published on:
30 May 2018 01:04 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
