
सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज (पत्रिका फाइल फोटो)
जयपुर: राजस्थान के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज में एक सीनियर प्रोफेसर पर महिला फैकल्टी सदस्य के साथ बदसलूकी करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना ने मेडिकल जगत और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कड़े कदम उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला फैकल्टी ने प्रोफेसर के व्यवहार को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद, चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव और एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने अलग-अलग जांच कमेटियों का गठन किया है।
प्राचार्य डॉ. माहेश्वरी ने बताया कि करीब एक महीने पूर्व इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर बिना देरी किए जांच कमेटी गठित कर दी गई। कमेटी मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
मामले में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केवल कॉलेज स्तर पर ही नहीं, बल्कि चिकित्सा विभाग स्तर पर भी एक अलग टीम समानांतर जांच कर रही है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष हो और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पूरा मेडिकल कॉलेज प्रशासन जांच रिपोर्ट के इंतजार में है। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि इसमें सीधे तौर पर संस्थान की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा के दावे जुड़े हैं। अब सबकी नजरें कमेटियों की फाइनल रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो आरोपी प्रोफेसर का भविष्य तय करेगी।
Updated on:
24 Feb 2026 08:08 am
Published on:
24 Feb 2026 08:08 am
