
जयराम बोले, चीन पर प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो, भारत जोड़ो
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच दौसा में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश और पवन खेड़ा ने चीन के मामले पर मोदी सरकार को आडे हाथ लिया। दोनों नेताओं ने कहा कि, चीन पर प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ो, भारत जोड़ो। उन्होंने कहा कि इंडिया फाउंडेशन के चीन से क्या रिश्ते है. विदेश मंत्री के बेटे की फाउंडेशन को 3-3 बार पैसा चीन से मिला है। मीडिया से बातचीत में दोनों नेताओं ने कहा कि आज भारत जोड़ो यात्रा का 102वां दिन है। प्रधानमंत्री ‘चीन पर चुप्पी तोड़ो, भारत जोड़ो’। ये आज के प्रश्न हैं, जिनके उत्तर की मांग देश कर रहा है और जिनका उत्तर प्राप्त करना देश का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि दोनों सेनाओं के सैनिकों को अपनी मूल चौकियों पर वापस भेजने की 2 साल खींची प्रक्रिया के बीच चीन को ऐसा दुस्साहस करने का हौसला कैसे हुआ कि वो तवांग के यांग्त्से क्षेत्र में भारतीय चौकी पर कब्जा करने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय वर्ष 1986 में समदोरंग चू टकराव के पश्चात सैन्य बलों की तैनाती के बाद भारत का उस क्षेत्र में लगातार पूरा दबदबा रहा है। ऐसे में एक नया फ्रंट खोलने का साहस चीन को कैसे हुआ?
जयराम ने कहा कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि चीन की ओर से ईस्टर्न क्षेत्र में घुसपैठ बड़े पैमाने पर और बार-बार हो रही है। पूर्ववर्ती सरकारों में इतना आत्मविश्वास था कि वे वर्ष 1965, 1971 और कारगिल 1999 के दौरान पत्रकारों और सांसदों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के लिए मौके पर ले जा सके। यहाँ तक कि डोकलाम मुद्दे पर भी रक्षा मामलों संबंधी स्थाई संसदीय समिति में चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री देश के लोगों से क्या छुपा रहे हैं? वे चर्चा से क्यों भाग रहे हैं? सेना स्तर पर 16 चरणों की बातचीत के बावजदू चीन डेपसांग में 18 किलोमीटर अंदर आकर जमा बैठा है। सामरिक महत्व के सैंकड़ों किलोमीटर में फैले इस संवेदनशील क्षेत्र में भारतीय गश्ती दल गश्त करने में असमर्थ हैं। प्रधानमंत्री मोदी की इस मुद्दे पर क्या कार्य योजना है।
उन्होंने कहा कि चीन से बढ़ते खतरे के बावजूद हमारी क्षमताओं में महत्वपूर्ण खामियाँ क्यों नजर आ रही हैं? भारतीय वायु सेना के प्रमुख ने ऑन रिकॉर्ड ये बात कही है कि 42 स्क्वाड्रन की अपेक्षित युद्धक क्षमता की तुलना में वर्तमान में 12 स्क्वाड्रन की कमी है। जबकि यूपीए सरकार ने 6 स्कॉर्पिन पनडुब्बियों को खरीदने के क्रयादेश दिए थे, लेकिन 6 और पनडुब्बियाँ खरीदने के लिए प्रस्तावित परियोजना 751 को बार-बार विलम्ब का सामना करना पड़ रहा है। अग्निपथ योजना के अंतर्गत सेना की भर्ती में भारी गिरावट आई है।
Published on:
18 Dec 2022 06:29 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
