जयपुर. दूसरे सावन के आखिरी सोमवार को सोम प्रदोष का संयोग रहा। तड़के से ही शिव मंदिरों में भतों का रैला नजर आया। झांकियों में मिशन चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग को भी दर्शाया गया। ताड़केश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर, भूतेश्वर व धूलेश्वर महादेव सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक व रुद्राभिषेक के लिए शाम तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। शिवालयों में भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूप में झांकी के साथ ही बिल्व पत्रों की झांकी भी सजाई गई। गलता तीर्थ से लाए गए पवित्र जल से भगवान आशुतोष का अभिषेक किया गया।