
दुनिया की सैर कर आया टॉयलेट पेपर
ऐसा सुनकर अक्सर अच्छा लगता है कि किसी कम्युनिटी के लोगों या किसी एक व्यक्ति ने मिलकर कोई खास काम किया। फिर चाहे वह चैरिटी के लिए किया गया हो या किसी की खुशी के लिए। ऐसा ही कुछ अनूठा काम इस लाॅकडाउन में 19 साल के काई फोरमेन ने किया है। फिल्म निर्माता और एनिमेटर काई असल में घर में बैठे-बैठे काफी बोर हो चुके थे और इसे दूर करने के लिए उन्होंने जो रास्ता चुना वो था टाॅयलेट पेपर का। जी हां, आपको सुनकर भले ही अजीब लगे लेकिन काई ने दुनियाभर के लोगों की छोटी-छोटी क्लिप का इस तरह से इस्तेमाल किया कि उनका एक टॉयलेट पेपर रोल एक साथ कई देशों में पहुंच गया। इस वीडियो को उन्होंने 'द ग्रेट टाॅयलेट पेपर टाॅस 2020' नाम दिया। असल में अपनी वीडियो के लिए काई ने दुनियाभर के 50 से ज्यादा सिटीज के लोगों की फुटेज लीं। फिर उन्होंने इन सारी क्लिप्स को एक साथ जोड़कर एक मोंटाज बना दिया। इसमें एक पेपर रोल ऑस्ट्रेलिया से होता हुआ कनाडा, ब्रिस्बेन, जर्मनी, आयरलैंड, लेबनान, स्वीडन आदि देशों में घूमा और फिर लौटकर अपने घर आ गया। इस काॅन्सेप्ट के पीछे काई का कहना था कि मैं जानता था कि हर कोई एक जैसे हालात का सामना कर रहा है और ऐसे मौके पर मैं एकता दर्षाना चाहता था इसलिए मैंने यह विकल्प चुना। हर दिन मेरे पास पढ़ने के लिए बुरी खबरें ही आ रही हैं इसलिए मैं कुछ पाॅजिटिव करना चाहता था। “मैंने अपने करीबी दोस्तों को वीडियो बनाने के लिए कहकर शुरुआत की। एक बार जब मैं उनसे जुड़ गया, तो मैंने रेडिट पर लोगों से पूछा। मैंने बहुत से देशों के उपखंडों और बहुत सारे लोगों को संदेश भेजा। इस वीडियो के लिए उन्होंने 200 लोगों से क्लिप के लिए निवेदन किया और उन्हें 50 लोगों की फुटेज मिल गई। वीडियो में देखा जा सकता है की कैसे एक टॉयलेट पेपर एक जगह से दूसरे देश ट्रांसफर होता गया। उनकी इस वीडियो को यूट्यूब पर भी देखा जा सकता है।
Published on:
19 Apr 2020 07:06 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
