
Maha Kumbh Stampede: महाकुंभ 2025 के दौरान मौनी अमावस्या स्नान के मौके पर बड़ी दुर्घटना हो गई। संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से ही राजस्थान से महाकुंभ गए श्रद्धालुओं के परिजनों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि कई लोगों के फोन संपर्क में नहीं आ रहे हैं।
महाकुंभ में पुण्य स्नान के लिए राजस्थान से हजारों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे थे। कोटा, बारां, अलवर समेत कई जिलों से रोडवेज स्लीपर बसों की सेवा शुरू की गई थी, जिनकी बुकिंग पहले ही दिन फुल हो गई थी। लेकिन इस बड़े हादसे के बाद अब परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है। कई लोगों के फोन न लगने से उनके परिवार वालों की चिंता और गहरा गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा देर रात करीब 2 बजे संगम तट पर हुआ, जब लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान करने पहुंचे थे। अचानक मची भगदड़ में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें मेले में बने केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही राजस्थान के कई परिवार अपने प्रियजनों की सलामती की खबर लेने के लिए लगातार कॉल कर रहे हैं। लेकिन कुछ श्रद्धालुओं के फोन बंद आने या रिसीव न होने के कारण परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना के तुरंत बाद मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत दर्जनों एंबुलेंस मौके पर भेजकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मेले से शवों को ले जाने का सिलसिला लगातार जारी है।
Updated on:
29 Jan 2025, 10:39 AM IST
Published on:
29 Jan 2025, 10:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.