
Mahakumbh News Updates: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में अचानक भगदड़ मचने से 17 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कई गंभीर घायल हो गए है। बताया जा रहा है कि हादसा करीब देर रात दो बजे संगम तट पर घटित हुआ। जहां लाखों की संख्या में लोग मौनी अमावस्या स्नान के लिए जुटे थे। हादसे के बाद मृतकों के शवों को एंबुलेंस ले जाया गया। वहीं, घायल श्रद्धालुओं को मेला परिसर में बने केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना को लेकर उत्तरप्रदेश के सीएम आदित्यनाथ योगी लगातार अधिकारियों से अपडेट ले रहे हैं। उत्तरप्रदेश के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी के साथ 4:00 बजे से बैठक कर रहे हैं। साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इस हादसे को लेकर राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि 'महाकुंभ में संगम घाट पर मची भगदड़ में कई श्रद्धालुओं के हताहत होने की ख़बर अत्यंत दु:खद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। दिवंगतों के परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं, ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
वहीं, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि 'प्रयागराज महाकुंभ के दौरान संगम तट पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।'
'मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। महाकुंभ में पधारे सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि वे शांति एवं संयम बनाए रखें, अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि मां गंगा के जो जिस घाट के समीप है, वहीं स्नान करे, संगम नोज की ओर जाने का प्रयास नहीं करे। स्नान के लिए कई स्नान घाट बनाए गए हैं। जहां पर स्नान किया जा सकता है। व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें।
Updated on:
29 Jan 2025, 10:00 AM IST
Published on:
29 Jan 2025, 9:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.