27 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मनीष सक्सेना अंतरराष्ट्रीय संगठन के भारतीय प्रतिनिधि नियुक्त

पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के लिए कार्यरत अंतरराष्ट्रीय संगठन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर एनिमल प्रोटेक्शन के अध्यक्ष मास्सीमो प्रदेल्ला ने राजस्थान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य मनीष सक्सेना को पशु अधिकारों से सम्बंधित विधिक मामलों के निरीक्षण एवं विधिक कार्यवाही के लिए भारत में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

1 minute read
Google source verification

जयपुर

image

Rakhi Hajela

Apr 02, 2022

मनीष सक्सेना अंतरराष्ट्रीय संगठन के भारतीय प्रतिनिधि नियुक्त

मनीष सक्सेना अंतरराष्ट्रीय संगठन के भारतीय प्रतिनिधि नियुक्त


पशु अधिकारों से सम्बंधित विधिक मामलों का करेंगे निरीक्षण
जयपुर।
पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण के लिए कार्यरत अंतरराष्ट्रीय संगठन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर एनिमल प्रोटेक्शन के अध्यक्ष मास्सीमो प्रदेल्ला ने राजस्थान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य मनीष सक्सेना को पशु अधिकारों से सम्बंधित विधिक मामलों के निरीक्षण एवं विधिक कार्यवाही के लिए भारत में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। अपने कार्यकाल के दौरान मनीष सक्सेना राजस्थान राज्य में पशु अधिकारों एवं पशु क्रूरता निवारण से सम्बंधित विधिक, शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों का संचालन और निरीक्षण करेंगे।
यह संगठन संयुक्त राष्ट्र वैश्विक संचार विभाग, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा तथा संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद के साथ विश्व भर में पशु संरक्षण,पशु अधिकारों की रक्षा और पशु क्रूरता निवारण के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत है। संगठन पशुओं पर किसी भी प्रकार के परीक्षण को समाप्त कर सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य का अनुसरण करता हैै। संगठन का मुख्यालय इटली के मिलान शहर में है। संगठन के प्रतिनिधि मनीष सक्सेना ने बताया कि यूक्रेन में युद्ध के कारण उत्पन्न हुई आपात स्थिति में संगठन की ओर से कीव क्षेत्र में सैकड़ों पशुओं को मानवीय सहायता प्रदान की जा रही है। बिल्लियों तथा श्वानों के लिए भोजन, पानी तथा आश्रय का प्रबंध किया जा रहा हैै। युद्ध क्षेत्र के कारण बीमार तथा परित्यक्त पशुओं के लिए आश्रय स्थल खोले जा रहे हैं। पोलैंड के रास्ते यूक्रेन में पशुओं के लिए भोजन, पानी तथा अन्य सहायता भी भेजी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मनीष सक्सेना की ओर से पर्यावरण, वन्यजीव तथा पशु कल्याण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट योगदान एवं सेवाओं को देखते हुए उन्हें वन विभाग का मानद् वन्यजीव प्रतिपालक भी मनोनीत किया गया। वर्तमान में सक्सेना राजस्थान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के राज्य पशु कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।